
चंबा। सर्दियों के मौसम से पहले हिमपात ने जिले में जीवन अस्त-व्यस्त कर दिया है। शनिवार शाम से शुरू हुआ बारिश व बर्फबारी का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। जिले भर में रविवार शाम तक रुक-रुक कर बारिश व बर्फबारी होती रही। लगातार हो रही बारिश व बर्फबारी से बंद पड़े कई मार्ग बहाल नहीं हो पाए हैं। इससे इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही ठप पड़ी हुई है। रुक-रुक कर हो रहे हिमपात से लोक निर्माण विभाग को मार्गों को बहाल करने में काफी मुश्किलें पेश आ रही हैं। रविवार सुबह लोक निर्माण विभाग के एसडीओ जीत सिंह ठाकुर ने मौके पर जाकर चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग को बहाल करवाया। मार्ग बंद होने के कारण के कारण विभिन्न स्थानों के लिए जरूरी खाद्य वस्तुओं और समाचारपत्रों की सप्लाई भी नहीं हो पाई। इससे लोगों को जरूरी खाद्य वस्तुओं, दूध व ब्रैड के लिए परेशानी उठानी पड़ी। जीत सिंह ठाकुर ने बताया कि विभाग मार्गों को बहाल करने में लगा हुआ है। उन्होंने बताया कि चंबा-पठानकोट मार्ग पर द्रड्डा नामक स्थान तक काफी बर्फ गिरी हुई थी। इसके चलते मार्ग को बहाल करने में दिक्कतें पेश आईं।
इंसेट ……
ये मार्ग हैं बंद :
चंबा-जुम्महार, चंबा-परोथा, कीड़ी, कैला, सराहण, सिल्लाघ्राट, चंबा जोत, चंबा-खज्जियार मार्ग बर्फबारी के कारण बंद पड़े हुए हैं। रविवार को इन मार्गों पर वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। हालांकि लोक निर्माण विभाग ने चंबा-साहो व सिल्लाघ्राट मार्ग को बहाल करने के लिए जेसीबी भेजी थी और जेसीबी द्वारा बर्फ बर्फ हटाने के बाद भी मार्ग पर बसें नहीं चल पाई हैं। बर्फ हटाने के बाद भी मार्गों पर काफी फिसलन है। इन दो मार्गों पर छोटे वाहन अपने रिस्क पर दौड़ते रहे।
इंसेट ……
एसपी आफिस के पास गिरे पेड़
भारी बर्फबारी के कारण जिला मुख्यालय सहित विभिन्न स्थानों पर काफी संख्या में पेड़ गिर गए हैं। जिला मुख्यालय में स्थित एसपी आफिस के पास एक पेड़ व अन्य पेड़ों की टहनियां बर्फ के कारण सड़क मार्ग पर गिर पड़ीं। इस कारण रविवार तड़के सुबह वाहनों की आवाजाही नहीं हो पाई। बाद में पेड़ों की टहनियों को हटाकर मार्ग को बहाल किया गया।
