बर्फबारी से फंसी 38 बसें, हजारों का नुकसान

चंबा। भीषण बर्फबारी से जिला भर में परिवहन की व्यवस्था पर ब्रेक लग गई। बर्फबारी के चलते विभिन्न मार्गों पर हिमाचल पथ परिवहन निगम की करीब 38 बसें फंस गई हैं। इससे निगम को हजारों रुपये का नुकसान झेलना पड़ा, वहीं लोग एक स्थान से दूसरे स्थान पर नहीं जा पाए। शनिवार देर शाम शुरू हुई बर्फबारी के कारण विभिन्न मार्ग बंद हो गए। इससे विभिन्न मार्गों पर गई बसें रविवार सुबह जिला मुख्यालय नहीं पहुंच सकीं। रविवार सुबह चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग बंद होने के कारण लंबी दूरी की बसें निर्धारित समय पर अपने गंतव्य पर नहीं पहुंच पाईं। इस कारण यात्रियों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। पुलिस अधीक्षक कार्यालय के पास मुख्य मार्ग पर पेड़ गिरा होने के कारण चंबा-दिल्ली व देहरादून से लौटी लंबी दूरी की बसें वर्कशाप के पास ही रोक दी गई। इस कारण यात्रियों को पैदल सफर कर जिला मुख्यालय तक पहुंचना पड़ा। भरमौर, तीसा, सलूणी, सुंडला, होली, खज्जियार क्षेत्र में निगम की काफी बसें फंसी हैं। देर शाम तक इन क्षेत्रों के मार्गों पर फंसी बसें निकल नहीं पाई हैं। बर्फबारी के कारण समस्त मार्गों पर फिसलन के कारण रविवार को वाहनों की आवाजाही शुरू नहीं हो पाई। चंबा-पठानकोट मुख्य मार्ग पर पथ परिवहन निगम की बसें नियमित रूप से सेवाएं दे रही हैं।
उधर, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक अनूप राणा ने बताया कि विभिन्न मार्गों पर 38 बसें फंसी हैं। अभी तक बसें जिला मुख्यालय में नहीं पहुंच पाई हैं। मार्ग बहाल होने के बाद ही चालकों को बसें निकालने के आदेश दिए गए हैं।

Related posts