सड़क निर्माण में देरी पर मांगा जवाब

चुवाड़ी (चंबा)। सिहुंता के पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने एसडीएम भटियात अमित मेहरा को द्रमण-सिहुंता सड़क के निर्माण कार्य में हो रही देरी के संबंध में ज्ञापन सौंप कर इसका कारण बताने की मांग की है। साथ ही मांग की है कि उपमंडल प्रशासन की मौजूदगी में कंपनी से जुड़े लोगों की जनता के साथ बैठक करवा कर इस संबंध में स्थिति स्पष्ट की जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि अगर तारकोल बिछाने तथा दूसरे कार्य जल्द शुरू नहीं होते तो युवक मंडल, महिला मंडल, विभिन्न संघ, संगठन, प्रभावित ग्रामीण, वाहन चालक, मालिक, विभिन्न पंचायतों के लोग सामूहिक तौर से आंदोलन जैसे सख्त निर्णय लेने को मजबूर हो जाएंगे। इसकी सारी जिम्मेवारी सरकार, प्रशासन व कंपनी की रहेगी। सिहुंता पंचायत प्रधान रिंकू मेहरा, व्यापार मंडल के प्रधान सरजीव महाजन, खरगट पंचायत प्रधान मोहिंद्र सिंह व मैंटर युवा मंडल के प्रधान सुभाष जरियाल सहित दर्जनों ग्रामीणों ने उपमंडल अधिकारी से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि भटियात उपमंडल में द्रमण से सिहुंता तक 24 किलोमीटर सड़क को डबल लेन करने का कई वर्षों से कार्य चल रहा है। इस कारण पूरी सड़क को उखाड़ कर इसमें बजरी व मिट्टी बिछा दी गई है, जबकि इसे पक्का करने के कार्य में प्रगति न के बराबर है। पूरी सड़क पर गढ़े पड़ हैं और बिखरा हुआ क्रशर, धुल, मिट्टी तथा खतरनाक स्पॉट बड़े हादसे को न्यौता दे रहे हैं। सड़क निमार्ण कार्य में जुटी कंपनी निडर होकर मनमर्जी से कार्य कर रही है। सरकार बदलने के बाद भी कंपनी का रवैया नहीं बदला है। उन्होंने कहा कि नियमों को दरकिनार करके काम किया जा रहा है। निमार्ण की समय सीमा भी पूरी हो चुकी है। इसके बावजूद पिछले एक वर्ष में काम में कोई प्रगति नहीं हुई है। इस पर एसडीएम ने उचित कार्रवाई किए जाने का आश्वान दिया है।

Related posts