
सिहुंता (चंबा)। शिक्षा खंड सिहुंता के अंतर्गत राजकीय प्राथमिक पाठशाला में जोन स्तरीय प्रतियोगिता शुरू हो गई हैं। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर नायब तहसीलदार जगदीश बतौर मुख्य अतिथि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का आगाज सरस्वती वंदना और दीप प्रज्जवलित करके किया गया। इस दौरान स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश कर सबको मंत्रमुग्ध कर दिया। सीएचटी गरनोटा व आयोजन सचिव रमेश ठाकुर ने बताया कि खेलकूद प्रतियोगिता में 18 सेंटरों की छह टीमें भाग ले रही हैं। इसमें गरनोटा जोन, समोट, टुंडी, मन्होता, धुलारा, थुलेल जोन की टीमें शामिल हैं। इसमें 200 छात्र-छात्राएं भाग ले रहे हैं। कार्यक्रम में खो-खो, कबड्डी, बैडमिंटन प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जा रहा है। संध्या के समय सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। प्रतियोगिता में कबड्डी का पहला मुकाबला थुलेल व टुंडी के बीच हुआ। इसमें टुंडी ने विजय हासिल कर दूसरे राउंड में जगह बना ली है। इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के प्रधान ओंकार सिंह ठाकुर, सीएचटी सिहुंता धर्म चंद, करनैल सिंह, प्रीतम, रविंद्र सिंह पठानिया मौजूद रहे।
