
रुद्रप्रयाग। राजकीय जूनियर हाईस्कूल तिमली भरदार का भवन बने भले ही छह माह हो गए हैं, लेकिन छात्र सड़क किनारे पत्थरों में बैठ कर पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
वर्तमान में जूनियर हाईस्कूल तिमली भरदार खाद भंडार के दो कमरों में चल रहा है। विद्यालय में नौ छात्र पंजीकृत हैं। स्कूल भवन नहीं होने की वजह से छात्र सड़क किनारे पथरीली जमीन पर बैठ रहे हैं। इससे सड़क से गुजर रहे वाहनों के शोर और धूल से छात्रों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
वर्ष 2009-10 में तिमली भरदार में सर्व शिक्षा अभियान के तहत स्कूल भवन को मंजूरी मिली थी। छह लाख रुपये की लागत से करीब छह माह पूर्व नए भवन का निर्माण हो चुका है, जिसमें पर्याप्त कक्ष-कक्षाएं और मैदान हैं। बावजूद इसके भवन स्कूल को अभी तक हस्तांतरित नहीं हो पाया है। वहीं स्कूल भवन में झाड़ियां उग आई है। वहीं सीईओ हरी शंकर वर्मा का कहना है कि ऐसे मामला संज्ञान में नहीं है। यदि भवन का निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है, तो अब तक शिफ्ट हो जाना चाहिए था। संबंधित सीआरसी से इसके कारण पूछे जाएंगे।
ग्राम शिक्षा समिति की ओर से कार्यपूर्ति प्रमाण पत्र अभी तक नहीं दिया गया है। प्रमाण पत्र देने के बाद समस्त औपचारिकता पूर्ण कर स्कूल शिफ्ट कर दिया जाएगा। -गिरिजा सेमवाल, ब्लाक समन्वयक सर्व शिक्षा अभियान
