
रुद्रप्रयाग। जीआईसी चोपता में आयोजित जन कल्याण शिविर में 82 शिकायतें दर्ज की गई, जिसमें 30 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया।
कार्यक्रम में विधायक शैला रानी रावत ने विभागीय अधिकारियों को अवशेष शिकायतों का त्वरित निस्तारित करने के निर्देश दिए। उन्होंने बताया कि रुद्रप्रयाग-मोहनखाल मोटर मार्ग का हॉट मिक्स डामरीकरण होगा। उन्होंने ऊर्जा निगम से चोपता में स्वीकृत 33 केवी विद्युत सब स्टेशन के संबंध में जानकारी ली। निगम के ईई पवन कुमार ने बताया कि सब स्टेशन के लिए भूमि चिह्नित कर ली गई है। निर्माण के लिए टेंडर भी हो चुके हैं। छह माह के भीतर निर्माण कार्य पूर्ण हो जाएगा।
शिविर की अध्यक्षता करते हुए डीएम डा. राघव लंगर ने कहा कि शिविर में दर्ज शिकायतों के संबंध में विभागीय अधिकारी स्थलीय निरीक्षण कर जांच करें। कार्यक्रम में सीएमओ डा. केडी शर्मा, एसपी बीजे सिंह, सीडीओ एमएस राणा, डीडीओ सुनील कुमार, एसडीएम सदर सीएस चौहान आदि उपस्थित थे।
