
पांगी (चंबा)। जनजातीय क्षेत्र पांगी स्थित संसारी-किलाड़ मार्ग पर मालू नाला के पास एक पिकअप अनियंत्रित हो गहरी खाई में गिर गई। इससे पिकअप में सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई । इसके अलावा चालक गंभीर रूप से घायल हो गया है। उसे स्थानीय सीएचसी में प्राथमिक उपचार के बाद किश्तवाड़ अस्पताल के लिए रैफर कर दिया गया है। मंगलवार रात को एक पिकअप नंबर एचपी 45-0256 किलाड़ से मिंधल की ओर जा रही थी। रात आठ बजे के करीब जब मालू के पास पहुंची तो अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इससे अश्विनी कुमार पुत्र गुरदेव निवासी घिसल की मौके पर ही मौत हो गई। चालक प्रीतम सिंह पुत्र तिलक राज निवासी घिसल को गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना की सूचना मिलते ही एसएचओ बीएस गौसाइक की अगुवाई में पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवा दिया है और शव परिजनों को दे दिया। उधर आरसी इंद्र सिंह भारद्वाज और कार्यकारी उपमंडलाधिकारी सुमेध शर्मा भी मौके पर पहुंच गए और मृतक के परिजनों को दस हजार रुपये और घायल को पांच हजार रुपये की राहत राशि प्रदान की।
