
जयपुर: राजस्थान क्रिकेट संघ (आरसीए) के पूर्व अध्यक्ष एवं भारतीय प्रशासनिक सेवा के अधिकारी संजय दीक्षित भी आरसीए चुनाव लड़ सकते हैं।
चुनाव अधिकारी बिहारीलाल गुप्ता ने बताया कि दीक्षित को चुनाव में अध्यक्ष, सचिव एवं कोषाध्यक्ष के पद के लिए आवेदन करने के लिए केन्द्र सरकार का स्वीकृति पत्र देना होगा जबकि शेष पदों के लिए वह बिना स्वीकृति यह चुनाव लड़ सकते हैं।
19 दिसम्बर को होने वाले आरसीए चुनाव के लिए 14 से 16 दिसम्बर तक नामांकन भरा जा सकेगा और सोमवार को इसकी आखिरी तारीख हैं लेकिन एक दिन पहले तक किसी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया हैं।
चुनाव में 33 जिला क्रिकेट संघों में 29 संघों के मत डाले जाएंगे जबकि हनुमानगढ, डूंगरपुर, पाली एवं अजमेर संघों के मत सील्ड किए जाएंगे। गुप्ता ने बताया कि अलवर जिला क्रिकेट संघ के सचिव पवन गोयल भी उच्च न्यायालय के आदेश के बाद इस चुनाव में भाग ले सकेंगे। उल्लेखनीय है कि गोयल पर आरसीए चुनाव में भाग लेने पर प्रतिबंध लगा हुआ था।
हालांकि अभी आरसीए अध्यक्ष एवं पूर्व केन्द्रीय मंत्री सी पी जोशी का चुनाव लडना तय नहीं है लेकिन वह चुनाव लड़ते हैं तो चुनाव में अध्यक्ष पद के लिए उनका मुख्य मुकाबला पूर्व आरसीए अध्यक्ष ललित मोदी से होने की संभावना हैं।
मोदी के नजदीक माने जाने वाले श्रीगंगानगर जिला क्रि केट संघ के अघ्यक्ष मोहम्मद आब्दी ने बताया कि इस चुनाव में 25-26 जिलासंघ उनके पक्ष में आते दिख रहे हैं और उनकी इस चुनाव में जीत आसान नजर आ रही हैं।
राज्य में सत्ता परिवर्तन होने के बाद आरसीए चुनाव की तस्वीर भी बदली नजर आ रही हैं और प्रदेश में विधानसभा चुनाव से पहले चुनाव होते तो पलडा जोशी के साथ भारी लग रहा था लेकिन अब मोदी समर्थक उनका पलडा भारी होने का दावा कर रहे हैं।
