संघ प्रमुख भागवत बोले, बीजेपी को आडवाणी की जरूरत

संघ प्रमुख भागवत बोले, बीजेपी को आडवाणी की जरूरत

नई दिल्ली: भाजपा के वरिष्ठ नेता लालकृष्ण आडवाणी के ब्लॉगों को पुस्तिका के स्वरूप में जारी किया गया। बुक लॉच पर संघ प्रमुख मोहन भागवत सहित भाजपा के आला पदाधिकारी मौजूद थे। भागवत ने आडवाणी की सैद्धांतिक राजनीति की प्रशंसा की और कहा कि जब तक उनके जैसे वरिष्ठ नेता पार्टी का मार्गदर्शन करते रहेंगे यह भ्रष्ट आचरण से दूर रहेगी। भागवत ने कहा कि  आडवाणी अपने ब्लॉग में पार्टी सदस्यों की खिंचाई करते हैं लेकिन यह खिंचाई नाराजगी के कारण नहीं, बल्कि चिंता की वजह से होती है।

 

भागवत ने कहा कि बीजेपी को आडवाणी की अभी जरूरत है। वहीं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष सुषमा स्वराज ने भी पार्टी और नेताओं के मार्गदर्शन के लिए आडवाणी की प्रशंसा की। इस दौरान सुषमा भावुक भी हो गई थीं। सुषमा ने कहा, ‘‘कई बार आडवाणीजी अपने ब्लॉग में हमारी खिंचाई करते हैं। तब लोग कहते हैं कि उन्होंने आपकी खिंचाई की है। लेकिन उन्हें ऐसा करने का पूरा अधिकार है। कर्नाटक में हार के बाद उन्होंने पार्टी द्वारा सीखे गए सबकों के बारे में लिखा।’’ उन्होंने कहा कि आडवाणी की खिंचाई को हम आशीर्वाद के तौर पर लेते हैं।

Related posts