शौचालय में छोड़ दिया नवजात

चंबा। जिला अस्पताल में इलाज के लिए लाई गई साहो क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की का शौचालय में गर्भपात हो गया। इसके बाद यह लड़की शौचालय की शीट में ही अपने शिशु को छोड़ कर गायब हो गई। शौचालय की सफाई करने आई महिला ने जब शौचालय में मरे हुए शिशु को देखा तो अस्पताल में हड़कंप मच गया। इसकी सूचना पुलिस को दी गई। तभी डाक्टर को बुधवार सुबह ही अस्पताल में लाई गई एक गर्भवति नाबालिग लड़की पर शक हुआ। हालांकि लड़की इसे अपना शिशु मानने से इनकार करती रही, लेकिन बाद में डाक्टर ने जब उसे कहा कि उसके पेट का बच्चा कहां गया तो वह चुप हो गई। फिलहाल इस लड़की को अस्पताल में इलाज के लिए दाखिल किया गया है और उसकी हालत को देखते हुए अभी तक पुलिस उसके बयान दर्ज नहीं कर पाई है।
जानकारी के अनुसार करीब 17 साल की इस युवती के छह माह से गर्भवती होने का पता चलने पर इसके अभिभावक इसे बुधवार सुबह नौ बजे ही जिला अस्पताल में लाए थे। इसके बाद इसे अस्पताल में दाखिल कर लिया गया। उधर, ईलाज कर रहे चिकित्सक डा. विशाल ठाकुर ने बताया कि जब लड़की लाई गई थी तो उसे ब्लीडिंग हो रही थी। उन्होंने कहा कि उसके कुछ टेस्ट लिखे गए थे। उसके आने के कुछ देर बाद शिशु मिलने की बात सामने आ गई। लड़की का इलाज चल रहा है और अस्पताल प्रबंधन ने इसकी सूचना पुलिस को दे दी थी। चौकी प्रभारी मनोज वालिया ने बताया कि आईपीसी की धारा 318 के तहत मामला दर्ज करके छानबीन की जा रही है। शिशु का पोस्टमार्टम करवाया गया है। इलाजरत होने के कारण अभी नाबालिग के बयान दर्ज नहीं हो पाए हैं। साथ ही डीएनए टेस्ट के लिए नाबालिग लड़की व बच्चे के खून के सैंपल ले लिए हैं।

Related posts