शिक्षा विभाग में हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं : नैथानी

श्रीनगर। शिक्षामंत्री मंत्री प्रसाद नैथानी ने कहा कि शिक्षा विभाग में किसी का हस्तक्षेप बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने शिक्षक और अधिकारियों को प्रतिनियुक्ति दिए जाने पर नाराजगी जताई। उन्होंने साफ किया कि विभाग के बिना अनापत्ति प्रमाणपत्र के प्रतिनियुक्ति पर जाने वाले शिक्षक और अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
रविवार को राजकीय इंटर कालेज कीर्तिनगर के एनएसएस शिविर के समापन समारोह में शामिल होने आए शिक्षामंत्री ने कहा कि जो शिक्षक विभाग की एनओसी के बिना अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति पर जा रहे हैं। उन पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। शिक्षामंत्री भले ही इन प्रतिनियुक्तियों को लेकर किसी भी मंत्री का नाम लेकर बोलने से बचते रहे। लेकिन शिक्षकों और अधिकारियों को अन्य विभागों में प्रतिनियुक्ति मामले में उनकी अनदेखी किए जाने पर वे खासे नाराज दिखे। उन्होंने कहा कि प्रदेश में शिक्षकों में भारी कमी बनी हुई है। ऐसे में शिक्षकों को अन्य विभागों में भेजना सरासर गलत है। गौरतलब है कि पूर्व में एक महिला खंड शिक्षा अधिकारी को बीज प्रमाणन बोर्ड में प्रतिनियुक्ति पर भेजा गया। कुछ दिन पूर्व ही एक इंटर कालेज के प्रवक्ता की प्रतिनियुक्ति कृषि विभाग में बतौर सहायक निदेशक के रूप में की गई है।

Related posts