
मंडी

सेना भर्ती के दौरान शारीरिक परीक्षण में शत-प्रतिशत अंक लेने वाले चयनित उम्मीदवारों को स्पेशल फोर्स में जाने का मौका मिलेगा। मंडी में हाल ही में हुई भर्ती के दौरान ऐसे कई अभ्यर्थी हैं, जिनके शारीरिक परीक्षण में 100 और लिखित परीक्षा में 50 फीसदी अंक आए हैं।इनकी योग्यता को देखते हुए सेना ने इन्हें स्पेशल फोर्स में भेजने का फैसला लिया है।ऐसे युवाओं की हौसलाफजाई हो सके, इसलिए सेना ने ऐसे अभ्यर्थियों को स्पेशल फोर्स में भेजने का निर्णय लिया है। हालांकि, स्पेशल फोर्स चुनने का अंतिम फैसला युवाओं को ही लेना है।इसके लिए इन्हें सहमति पत्र भी देना होगा। पड्डल मैदान एक से छह नवंबर तक सेना भर्ती करवाई गई। इसमें मंडी के अलावा कुल्लू और लाहौल-स्पीति के हजारों युवाओं ने दमखम दिखाया।शारीरिक परीक्षण और अन्य औपचारिकताएं पूरी करने के बाद सेना ने परिणाम घोषित कर दिया है। सैनिक जीडी के लिए 1236 और सेना फार्मा के लिए एक उम्मीदवार पास हुआ है। शारीरिक परीक्षण के दौरान कई युवा ऐसे भी रहे, जिन्होंने 100 अंक प्राप्त किए और लिखित परीक्षा में भी 50 फीसदी तक अंक लिए।सेना की ओर से इन उम्मीदवारों को पैरा/पैरा (स्पेशल फोर्स) रेजीमेंट चुनने का मौका दिया जा रहा है। भर्ती निदेशक कर्नल एम. राजाराजन ने बताया कि इच्छुक उम्मीदवार 15 और 16 फरवरी तक अपना सहमति पत्र भर्ती कार्यालय मंडी में जमा करवा सकते हैं।
