
धर्मशाला। 67वां जिलास्तरीय हिमाचल दिवस पुलिस मैदान धर्मशाला में हर्षोल्लास के मनाया गया। अध्यक्षता उपायुक्त सी पॉलरासु ने की। पुलिस तथा होमगार्ड के जवानों और स्कूली बच्चों ने मार्च पास्ट की सलामी दी।
उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश के परिश्रमी लोगों ने विविधतापूर्वक कृषि, बागवानी में जलवायु-युक्त परिस्थितियों के चलते उज्ज्वल विकास की गाथा का सृजन करके आधुनिक प्रगतिशील हिमाचल के निर्माण में कोई कसर नहीं छोड़ी है। इससे पहले उन्होंने शहीद स्मारक में शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित किए। स्कूली बच्चों तथा सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की नाट्य इकाई की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। समारोह में अतिरिक्त उपायुक्त सुदेश मोक्टा, एडीएम राकेश शर्मा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बशेर सिंह, एएसपी मोहित चावला और डा. शिव कुमार, एसडीएम डा. हरीश गज्जू, सहायक आयुक्त उपायुक्त एकता कपटा, डीएसपी हितेश लखनपाल, विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
मार्च पास्ट के लिए सम्मान
मार्च पास्ट के लिए परेड कमांडर एसआई अश्वनी कुमार तथा पलाटून कमांडर एसआई अजय कुमार और आईआरबीएन पांचवीं महिला बटालियन सकोह की एएसआई सीता कटोच एवं गृह रक्षक पुरुष वर्ग रणजीत सिंह, महिला गृह रक्षक की प्लाटून कमांडर कंचन तथा आधुनिक पब्लिक स्कूल के आदित्य महाजन, सेक्रेट हार्ट पब्लिक स्कूल के कुलभूषण और राजकीय बाल वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला के अक्षय कुमार को मुख्यातिथि ने सम्मानित किया। इसके अतिरिक्त राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला धर्मशाला, फरसेटगंज तथा राजकीय उच्च विद्यालय कोतवाली और सकोह के बच्चों को सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लेने पर प्रमाण पत्र व नकद पुरस्कार दिए। मुख्यातिथि ने दो अक्षम व्यक्तियों को श्रवण यंत्र दिए।
लक्की ड्रॉ में निकली नैनो कार
धर्मशाला। 67वें जिलास्तरीय हिमाचल दिवस पर जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा पुलिस मैदान में लक्की ड्रॉ का आयोजन किया गया। इसमें बंपर इनाम के रूप में टिकट नंबर 027802 के विजेता को टाटा नैनो कार, प्रथम पुरस्कार के रूप में टिकट नंबर 027800 के विजेता को मोटरसाइकिल, द्वितीय पुरस्कार के रूप में टिकट नंबर 013950 के विजेता को एलईडी टीवी, तृतीय पुरस्कार के रूप में टिकट नंबर 034520 के विजेता को रेफ्रिजरेटर, पांचवें पुरस्कार के रूप में टिकट नंबर 018550 व 018750 दो विजेताओं को डिजिटल कैमरा, छठे पुरस्कार के रूप में टिकट नंबर 027523 व 001180 के विजेताओं को सिलाई मशीनें, सातवें पुरस्कार के रूप में टिकट नंबर 010270 व 028168 के विजेताओं को सीलिंग फैन और आठवें पुरस्कार के पांच विजेताओं को टिकट नंबर 018288, 011290, 025459, 038420 व 007470 को हजार-हजार रुपये के नकद पुरस्कार घोषित किए गए हैं।
