
चंबा। जिन विभागीय अधिकारियों ने अपने अधीनस्थ स्थानांतरित कर्मचारियों की सूची जिला निर्वाचन कार्यालय को नहीं भेजी है, उनको जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उपायुक्त संदीप कदम ने नोटिस जारी किया है। जिला निर्वाचन कार्यालय को विभिन्न विभागों से ऐसे 83 मामलों की जानकारी मिली है। इनके बारे में जिला निर्वाचन कार्यालय को जानकारी देना लाजिमी था। इसके अलावा मेडिकल आधार पर चुनावी ड्यूटी से बाहर करने संबंधी 75 मामलों को लेकर भी निर्वाचन कार्यालय ने कार्रवाई तय कर दी है। जिला निर्वाचन अधिकारी संदीप कदम ने बताया कि ऐसे सभी आवेदकों को 17 अप्रैल को चंबा में मेडिकल बोर्ड के समक्ष पेश होने के निर्देश दिए गए हैं। मेडिकल बोर्ड की रिपोर्ट के आधार पर ही जिला निर्वाचन कार्यालय आगामी कदम उठाएगा। सोमवार को चुनाव आयोग के व्यय पर्यवेक्षक अभय कुमार की अध्यक्षता में चंबा में बैठक हुई। इस बैठक से गैर हाजिर चुराह विस क्षेत्र के लिए तैनात सहायक व्यय पर्यवेक्षक और व्यय निगरानी टीमों को प्रशिक्षण देने के लिए जिला नोडल अधिकारी से भी जबाव तलब किया गया है। चुनाव के मद्देनजर आयोजित होने वाले प्रशिक्षण कार्यक्रमों और पूर्वाभ्यासों से नदारद रहने वाले 95 सरकारी कर्मियों को भी धारा 134 के तहत जिला निर्वाचन कार्यालय द्वारा नोटिस भेजे गए हैं। संदीप कदम ने कहा कि चुनाव जैसी महत्वपूर्ण ड्यूटी से जानबूझकर व अकारण बचने का प्रयास करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
