व्यापारी नेता का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी

भीमताल। पांच सूत्रीय मांगों को लेकर देवभूमि उद्योग व्यापार मंडल अध्यक्ष संदीप पांडे का आमरण अनशन दूसरे दिन भी जारी रहा। बुधवार की शाम प्रशासन के निर्देश पर डाक्टरों की टीम ने पांडे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। पांडे का कहना है कि जब तक उनकी मांगों पर कार्रवाई नहीं होती आमरण अनशन जारी रहेगा।
व्यापारी नेता औद्योगिक घाटी भीमताल में सिडकुल की स्थापना करते हुए नए उद्योग स्थापित करने, भीमताल स्थित बाईपास रोड का निर्माण, डामरीकरण, मल्लीताल रामलीला मैदान का जीर्णोद्वार, भीमताल में डिग्री कालेज की स्थापना, झील का सौंदर्यीकरण और करकोटक मंदिर के लिए रोपवे निर्माण की मांग को लेकर रामलीला मैदान में आमरण अनशन पर बैठे हैं। बुधवार की शाम तहसीलदार बीएस लटवाल, पटवारी राधे सिंह राणा आदि अनशन स्थल पर पहुंचे। राजस्व अधिकारियों के बुलाने पर सीएचसी के डा. कुलदीप मर्तोलिया, चीफ फार्मेसिस्ट एमसी जोशी ने अनशनकारी पांडे का स्वास्थ्य परीक्षण किया। सीएचसी के चिकित्सा अधीक्षक डा. सुधीर सिंह कन्याल ने बताया कि अनशनकारी पांडे की स्थिति अभी सामान्य है। इधर, पूर्व छात्र नेता मोहन पाठक, कृषक समाज के अध्यक्ष मनोज भट्ट, नितेश बिष्ट समेत विभिन्न संगठनों ने समर्थन दिया है। वहीं, देवभूमि व्यापार मंडल के प्रांतीय नेतृत्व ने भी आंदोलन में समर्थन देने की घोषणा की। अध्यक्ष हुकुम सिंह कुंवर, महामंत्री अमरजीत सिंह चड्ढा, नगर अध्यक्ष गोविंद बगड़वाल, नगर महामंत्री राजीव जायसवाल ने कहा कि संघर्ष में संगठन संदीप के साथ है।

Related posts