
नई टिहरी। नगर में कई दिनों से पथ प्रकाश व्यवस्था ठप पड़ी है, जिससे लोगों का रात में घरों से निकलना मुश्किल हो रहा है। इसके बावजूद पालिका अनजान बनी हुई है।
जिला मुख्यालय की कई मुख्य सड़कें और गलियां एक सप्ताह से अंधेरे में हैं। सी ब्लाक से एफ ब्लाक को जाने वाली सीढ़ी पर तो वर्षों से मांग करने पर भी स्ट्रीट लाइट नहीं लग पाई है। स्थिति यह है कि नगर की हर गली में कुत्तों के बड़े-बड़े झुंड के बीच से निकलना खतरे से खाली नहीं है। छमुंड बैंड से बौराड़ी ओपन मार्केट तक बड़ी संख्या में लोग हैंडपंप पर पानी भरने जाते हैं, लेकिन एक साल से वहां पथ प्रकाश की व्यवस्था नहीं हो पाई है। पोस्ट ऑफिस से जे और सी ब्लाक को जाने वाली सड़कों की भी यही स्थिति बनी है। सामाजिक कार्यकर्ता दिनेश डोभाल और रवि सेमवाल ने बताया कि पथ प्रकाश व्यवस्था न होने से लोगाें को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
छमुंड से बौराड़ी और पोस्ट ऑफिस वाले क्षेत्र में पथ प्रकाश व्यवस्था बनाने के लिए ऊर्जा निगम को एक साल पहले 11 लाख रुपये दिए गए थे, लेकिन निगम अभी कार्य पूरा नहीं कर पाया है, जिससे दिक्कतें हो रही हैं। अन्य क्षेत्रों की व्यवस्था शीघ्र सुधारी जाएगी।
