वीरभद्र को सौंपेंगे काली भेड़ों की सूची

कांगड़ा। मुख्य संसदीय सचिव नीरज भारती ने कहा कि ओबीसी को आरक्षण पहले भी कांग्रेस सरकार ने ही दिया था और आगे भी कांग्रेस ही देगी। कांगड़ा में पत्रकारों से बातचीत में उन्हाेंने कहा कि ओबीसी को आरक्षण दिलवाने के लिए मुख्यमंत्री से चर्चा की जाएगी। चौधरी सुरेंद्र काकू के नेतृत्व में ही विधानसभा का पूरा विकास होगा। उन्हाेंने कहा कि कांगड़ा विस क्षेत्र में विकास के मामले में कोई भी कमी नहीं आने दी जाएगी। जिन काली भेड़ों ने इन चुनावों में कांगड़ा विस क्षेत्र में कांग्रेस प्रत्याशी के खिलाफ काम किया है, उन्हें बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे लोगों की एक फेहरिस्त भी मुख्यमंत्री को कार्रवाई के लिए सौंपी जाएगी।
उन्होंने कहा कि गगल हवाई अड्डा में नियमित हवाई सेवा शुरू करने के लिए मुख्यमंत्री से केंद्रीय स्तर पर बात करने का आग्रह किया जाएगा। इसके साथ ही एक वर्ष के भीतर टांडा मेडिकल कालेज में सभी मूलभूत सुविधाएं प्रदान की जाएंगी। इस अवसर पर युकां की प्रदेश अध्यक्ष मोनिका भारती ने कहा कि प्रदेश में युकां की सदस्यता अभियान आनलाइन जारी है। युकां की सदस्यता कोई भी ग्रहण कर सकता है। उन्होंने कहा कि युवाओं के बल पर प्रदेश में कांग्रेस को और मजबूत किया जाएगा। इससे पूर्व कांगड़ा आगमन पर चौधरी सुरेंद्र काकू के नेतृत्व में नीरज भारती का स्वागत किया गया। उन्होंने कहा कि जिन काली भेड़ों की वजह से वे हारे हैं, उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के धर्मशाला आगमन पर कांगड़ा विस क्षेत्र के सनौरा चौक में उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। इस अवसर पर ब्लाक कांग्रेस अध्यक्ष केवल चौधरी, डीसीसी के महासचिव पंडित वेद प्रकाश शर्मा सहित कई अन्य कांग्रेसी नेता उपस्थित थे।

Related posts