
कुल्लू। विश्व विकलांगता दिवस पर मंगलवार को कुल्लू के ऐतिहासिक ढालपुर मैदान में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दिवस के उपलक्ष्य में युवा सेवा एवं खेल विभाग, सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के संयुक्त तत्वावधान से विशेष खिलाड़ियों की दो दिवसीय राज्य स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता भी करवाई गई। प्रतियोगिता के समापन समारोह की अध्यक्षता मुख्य संसदीय सचिव मनसा राम ने की। उन्होंने कहा कि विशेष अक्षम खिलाड़ियों एवं व्यक्तियों को दया एवं सहानुभूति की दृष्टि से नहीं, बल्कि समाज को इन्हें सम्मान और समानता की नजर से देखना चाहिए, ताकि इन्हें अपने जीवन में संघर्ष की प्रेरणा मिल सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विशेष बच्चों और युवाओं को समाज की मुख्य धारा में शामिल करने के लिए कृत संकल्प है। इनके उत्थान के लिए राज्य सरकार की ओर से अनेक कल्याणकारी योजनाएं आरंभ की हैं। उन्होंने कहा कि चालू वित्त वर्ष में विशेष बच्चों और युवाओं की खेलों पर 8 लाख रुपये खर्च किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि विशेष बच्चों की खेलों के आयोजन का मुख्य उद्देश्य इन बच्चों में खेलों के प्रति रुचि जागृत करना और समाज की मुख्य धारा में शामिल करना है।
मुख्य संसदीय सचिव ने कहा कि प्रदेश के 13 विशेष खिलाड़ियों ने विशेष ओलंपिक में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है । इन खिलाड़ियों को प्रदेश सरकार ने स्वतंत्रता दिवस पर सम्मानित भी किया है। इस अवसर पर मुख्य संसदीय सचिव ने राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के विशेष खिलाड़ियों को पुरस्कार भी वितरित किए। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग ने खेलकूद में प्रथम, द्वितीय तथा तृतीय रहे विशेष खिलाड़ियों को नकद राशि के रूप में पुरस्कार भी वितरित किए। इससे पहले युवा सेवा एवं खेल विभाग की संयुक्त निदेशिका सुमन रावत ने मुख्य संसदीय सचिव का स्वागत किया और प्रतियोगिता की जानकारी दी। समापन समारोह में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कुल्लू बलदेव ठाकुर, उपनिदेशक सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग लोक चंद, उप निदेशक पर्यटन विभाग अश्वनी कुमार, जिला कार्यक्रम अधिकारी सुरेश शर्मा, जिला कल्याण अधिकारी समीर और अन्य जिलों के जिला युवा सेवा एवं खेल अधिकारी सहित हिमाचल के विकलांग संघ के अध्यक्ष एस के लखनपाल उपस्थित थे।
इन स्कूलों के बच्चों ने दी प्रस्तुति
विकलांग प्रशिक्षण केंद्र ढली, सुंदरनगर, नेशनल एसोसिएशन फॉर ब्लाइंड स्कूल कुल्लू , ऊना तथा शिमला के विशेष बच्चों के अलावा वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल सुलतानपुर की छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
