विकास पर खर्च होगी 80 प्रतिशत राशि : भरमौरी

भरमौर (चंबा)। जनजातीय उपयोजना के तहत भरमौर के विकास और कल्याणकारी योजनाओं के लिए चालू वित्त वर्ष में 31 करोड़ 93 लाख रुपये के बजट का प्रावधान किया गया है। इसमें से 80 प्रतिशत राशि विकास कार्यों पर खर्च की जा चुकी है। यह बात वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने भरमौर में परियोजना सलाहकार समिति की समीक्षा बैठक के दौरान कही। उन्होंने कहा कि विशेष केंद्रीय सहायता योजना के तहत इस वर्ष विभिन्न विकास योजनाओं पर एक करोड़ 23 लाख खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा केंद्रीय प्रायोजित योजना पर चालू वित्त वर्ष में 29 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास खंड भरमौर के सभी गांवों को संपर्क मार्ग से जोड़ने के लिए प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने कहा कि पर्यावरण और भूस्खलन को ध्यान में रखते हुए सड़कों का निर्माण किया जाएगा। वन मंत्री ठाकुर सिंह भरमौरी ने कहा कि जनजातीय क्षेत्र को सड़क सुविधा से जोड़ने के लिए पुलों और लिंक मार्गों का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि पुलों और लिंक मार्गों के निर्माण पर 10 करोड़ 26 लाख रुपए की राशि खर्च की जाएगी। उन्होंने कहा कि विकास क ार्यों के लिए धन की कमी को आड़े नहीं आने दी जाएगी। उन्होंने कहा कि विभागों को भी विकास कार्यों के लिए उपलब्ध करवाई गई राशि का सदुपयोग करना होगा। उन्होंने कहा कि इससे आम लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने विभागों के अधिकारियों को निर्देश जारी किए हैं कि आगामी बजट सत्र में उन्हीं कार्यों के लिए बजट की मांग रखें जो विकास कार्य आगामी वर्ष में पूर्ण हो सके। इसके अलावा उन्होंने सड़क निर्माण और जलविद्युत परियोजना निर्माण से हो रहे भूस्खलन को रोकने के लिए कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने निर्देश जारी किए हैं कि जिन गांवों को सड़क सुविधा से जोड़ा गया है उन पर यातायात सुविधा शुरू करवाई जाए। इस अवसर पर जिला दंडाधिकारी भरमौर बीआर कमल ने वन मंत्री के दिशा-निर्देशों को हर संभव पूरा करने का आश्वासन दिया। इस मौके पर कई विभागों के आधिकारी मौजूद थे।

Related posts