वाहन दुर्घटना में जीप आपरेटर की मौत

कुल्लू/पतलीकूहल। नग्गर-जाणा संपर्क मार्ग पर महेंद्रा जीप अनियंत्रित होकर चार सौ फुट गहरी खाई में लुढ़क गई। शुक्रवार देर रात को हुए इस हादसे में वाहन के परखचे उड़ गए। चालक वाहन से छिटककर एक ओर गिर गया। गंभीर रूप से घायल चालक को कराहता देख वहां लोगों का जमघट लग गया। उन्हें तत्काल गंभीर हालत में जिला अस्पताल पहुंचाया गया। यहां जांच के बाद चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
पुलिस के मुताबिक नथान सेरी निवासी रूपलाल (55) शाम के समय नग्गर से जाणा की ओर जा रहा था। शनौगी के पास तीखे मोड़ को काटते हुए वह वाहन से नियंत्रण खो बैठा। वाहन सड़क से खाई की ओर लुढ़क गया।
एसपी अशोक कुमार ने बताया कि पुलिस ने केस दर्जकर छानबीन शुरू कर दी है। मृतक की शिनाख्त नथानसेरी निवासी रूपलाल के रूप में हुई है। एसपी ने बताया कि केस की छानबीन के तहत हादसा ग्रस्त वाहन की मेकेनिकल रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। वाहन का मालिक भी चालक ही बताया जा रहा है।

Related posts