
हल्द्वानी। गर्मी में एक तरफ लोग प्याऊ खोलकर प्यास से बेहाल लोगों की मदद कर रहे हैं, वहीं रोडवेज के कुछ कर्मी यात्रियों के साथ प्यास और पैसे से खिलवाड़ कर रहे हैं। वाल्वो के यात्री पानी की बोतल का पैसा देते हैं, पर यात्रियों का पानी का पैसा कंडक्टर की जेब में जा रहा है। शिकायत रोडवेज सचल दल ने जांच की है। आरएम के अनुसार शिकायत की पुष्टि हुई है, रिपोर्ट के बाद कंडक्टर पर कड़ुी कार्रवाई होगी।
अनुबंध के आधार पर चलने वाली वाल्वो बस सेवा लंबे समय से विवादों में रही है। बस में बिना टिकट यात्रियों के बैठाने जैसे प्रकरण कई बार सामने आ चुके हैं। अब वाल्वो बस में चलने वाले कुछ कर्मी यात्रियों की जेब काट रहे हैं। टिकट में यात्रियों को पानी की बोतल देने का पैसा जुड़ा होता है, पर कंडक्टर पानी की बोतल का पैसा हजम कर जाते हैं। यात्रियों को दुकान से खरीद कर या फिर घर से व्यवस्था कर पानी लाना होता है। यह शिकायत लंबे समय से मिल रही थी। इसके बाद नैनीताल आरएम एचएच डबराल ने सचल दल को जांच के लिए भेजा। सचल दल ने सुबह बेलबाबा के पास वाल्वो बस की जांच की। इसमें दो पेटी पानी की बोतल बरामद हुई, जिसको कथित तौर पर यात्रियों में बांटा नहीं गया था। आरएम के अनुसार प्रथम दृष्टया में इसमें शिकायत की पुष्टि हुई है। सचल दल की रिपोर्ट की बाद कंडक्टर पर सख्त कार्रवाई होगी। यात्रियों के साथ ठगी बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
