वायरल फीवर ने जकड़ी खराहल घाटी

काईस (कुल्लू)। घाटी में शुष्क ठंड का प्रकोप बढ़ने से लोग वायरल-फीवर की चपेट में आने लगे हैं। हालत यह है कि हर रोज दर्जनों मरीज सरकारी तथा निजी अस्पताल में इलाज करवाने के लिए पहुंच रहे हैं। खराहल घाटी के तांदला गांव में करीब डेढ़ दर्जन बच्चों को वायरल फीवर ने जकड़ लिया है। वार्ड पंच मोहर सिंह ठाकुर ने बताया कि तांदला गांव में ज्यादातर बच्चे वायरल फीवर की चपेट में आ गए हैं। उन्होंने जिला प्रशासन से तांदला गांव के लिए चिकित्सकों की टीम भेजने की मांग की है। बारिश और बर्फबारी न होने से शुष्क ठंड का प्रकोप काफी बढ़ गया है। इससे खांसी, जुकाम और बुखार की चपेट में आकर हर आयु वर्ग के लोग बिस्तर पकड़ने लगे हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में भी हर रोज सर्दी-जुकाम के मरीज पहुंच रहे हैं। वायरल फीवर की चपेट में तांदला के भूपेंद्र, सूर्यांश, दीक्षा ठाकुर, पल्लवी, रक्षा, अमर देवी, संगीता, सुरेंद्र और तान्या ठाकुर आ गए हैं। इसके अलावा भुंतर, मनाली और बंजार के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी सर्दी-जुकाम के मरीज ओपीडी में पहुंच रहे हैं। सीएमओ कुल्लू डॉ. बलदेव ठाकुर ने बताया कि शुष्क ठंड बढ़ने से ये मामले सामने आ रहे हैं। चिंता की बात नहीं है, विभाग स्थिति पर नजर रखे हुआ है।

ऐसे बचें वायरल फीवर से
– सर्दी के मौसम में नंगे पैर न चलें।
– पानी को गुनगुना कर ही पीएं।
– ठंडा खाना न खाएं।
– सुबह-शाम सिर पर टोपी जरूर पहनें
– बीमार होने पर तुरंत चिकित्सक की सलाह लें।

Related posts