वसूली के लिए सरल होगा यूनिट एरिया मेथड

शिमला। हाउस टैक्स वसूली के लिए नगर निगम अब यूनिट एरिया मेथड को सरल कर लागू करने की तैयारी में है। एक्ट के प्रावधानों के तहत प्रारूप किया जा रहा है। योजना का खाका तैयार करने के बाद इसे नगर निगम सदन में मंजूरी के लिए लाया जाएगा। नए फार्मूले पर अगर सदन सहमत होता है तो इसे राज्य सरकार को भेजा जाएगा। निगम आयुक्त अमरजीत सिंह ने इसकी पुष्टि की है।
यूनिट एरिया मेथड को तर्कसंगत बनाने के लिए आयुक्त अमरजीत सिंह ने पहल की है। उन्होंने कहा है कि यूनिट एरिया मेथड को सरल बनाने के लिए प्रारूप तैयार किया जा रहा है। प्रयास किए जा रहे हैं कि शहर में टैक्स प्रणाली को इस तरह से लागू किया जाए कि किसी भी व्यक्ति पर अधिक बोझ न पड़े। आयुक्त का कहना है कि टैक्स पद्धति के पुराने और नए तरीके को खंगाल कर बीच का रास्ता निकाला जाएगा। महापौर, उप महापौर सहित पार्षदों से राय ली जाएगी।
————
एक साल से लटकी है टैक्स वसूली
फरवरी 2012 से राज्य सरकार ने शहर में हाउस और प्रापर्टी टैक्स वसूली यूनिट एरिया मेथड के तहत करने की अधिसूचना जारी की है। लेकिन निगम सदन को यह मेथड मंजूर नहीं है। निगम सदन में इसका जोरदार विरोध किया गया है। राज्य सरकार को कई बार प्रस्ताव भेजकर पुरानी टैक्स पद्धति के आधार पर ही टैक्स वसूली की मांग की गई है, जिसे हर बार राज्य सरकार ने खारिज किया है। इसके चलते एक साल में नगर निगम करीब दस करोड़ का टैक्स वसूल नहीं कर सका है। निगम की मौजूदा आर्थिक तंगी का यह भी एक बड़ा कारण माना जा रहा है।
———–
सदन नई टैक्स प्रणाली के खिलाफ
एक साल के दौरान हुई निगम की अधिकांश मासिक बैठकों में यूनिट एरिया मेथड का विरोध किया गया है। भाजपा और कांग्रेस पार्षद जहां इस मेथड में आवश्यक संशोधन की मांग करते आए हैं, वहीं महापौर संजय चौहान और उप महापौर टिकेंद्र पंवर सहित माकपा पार्षद इसे सिरे से ही खारिज करने की मांग पर अडिग हैं।
————
नई प्रणाली से यूनिट एरिया मेथड
यूनिट एरिया मेथड के तहत शहर को विभिन्न जोन में बांटा जाएगा। क्षेत्र, मकान की हालत, मकान का उपयोग सहित कुछ अन्य बिंदुओं को ध्यान में रखते हुए विभिन्न कैटेगिरी बनाई जाएंगी, जिस आधार पर शहर में हाउस और प्रापर्टी टैक्स की राशि तय की जाएगी। वर्तमान में पूरे शहर में एक समान टैक्स वसूली की जा रही है।

Related posts