लोस चुनाव मे मुंह की खाएगी कांग्रेसः बंसल

हल्द्वानी। भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं जिला प्रभारी नरेश बंसल ने कहा कि बहुगुणा सरकार आम जनता के प्रति संवेदनहीन हो चुकी है। लोकसभा चुनाव में जनता इसका मुंहतोड़ जवाब देगी।
भाजपा संभाग कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में बंसल ने कहा कि बहुगुणा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। सरकार को जन सरोकारों से कोई मतलब नहीं रह गया है। जनता भ्रष्टाचार, महंगाई की मार झेल रही है। सरकार अब नदियों के खनन को निजी हाथों में सौंपकर बेरोजगारी और माफियाराज को बढ़ावा देने जा रही है। उन्होंने कहा कि देश की जनता गुजरात के मुख्यमंत्री नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री देखना चाहती है। मोदी की लहर देख कांग्रेस अपनी हार स्वीकार चुकी है। लोकसभा चुनाव में भाजपा पूर्ण बहुमत से आएगी। इस दौरान विधायक बंशीधर भगत, जिलाध्यक्ष दीपक मेहरा, प्रकाश रावत, मंजू तिवारी, प्रदीप बिष्ट, अनिल डब्बू, नवीन पंत मौजूद थे।

Related posts