लोनिवि के जेई पर दराट से हमला

सिहुंता (चंबा)। समोट-बिन्ना मार्ग पर लोनिवि के जेई ने जब श्रमिकों से उनकी ड्यूटी के बारे में पूछा तो एक श्रमिक ने उन पर दराट से हमला कर दिया। हालांकि साथ मौजूद दो अन्य कर्मियों ने बीच बचाव कर हमले को नाकाम कर दिया। इस घटना के बाद जेई ने इसकी शिकायत अपने आला अधिकारियों और पुलिस से की है। पीडब्ल्यूडी के कनिष्ठ अभियंता रंजीत सिंह राणा ने पुलिस में दी गई शिकायत में बताया कि वे शुक्रवार दोपहर को समोट-बिन्ना मार्ग पर तैनात विभाग के श्रमिकों के कार्य की जांच करने पहुंचे थे। जब उन्होंने सुबह नौ बजे से लेकर दोपहर साढ़े बारह बजे तक के कार्य के बारे में पूछा तो वे आनाकानी करने लगे। इस बीच एक श्रमिक भीखम सिंह ने उन्हें बताया कि वे सिम्बल-घट्टा मार्ग में भी काम करके आए हैं। जब जेई सिम्बल-घट्टा मार्ग पर गए तो वहां कोई संतोषजनक काम नहीं हुआ था। शिकायत के अनुसार जब जेई ने उन्हें लापरवाही बरतने पर डांटा तो एक श्रमिक भीखम सिंह भड़क उठा और उसने जेई पर दराट से हमला कर दिया। वहां मौजूद मेट किशन चंद और गाड़ी के क्लीनर वीरेंद्र सिंह ने उसे बीच बचाव कर काबू किया। जेई ने बताया कि इस संबंध में उन्होंने अपने आला अधिकारियोें को जानकारी दे दी है। उन्होंने स्थानीय पुलिस चौकी में दी शिकायत में कहा है कि भीखम सिंह ने न केवल उन पर जानलेवा हमला किया, बल्कि उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी है। साथ ही भविष्य में आरोपी से खतरा होने की आशंका जाहिर की है। चौकी प्रभारी नरूप सिंह गुलेरिया ने बताया कि इस संबंध में शिकायत मिली है। मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है। वहीं, पीडब्ल्यूडी के एसडीओ अशोक कौंडल ने बताया कि वे शुक्रवार को कार्यालय के काम से डलहौजी गए थे। उन्हें घटना की जानकारी नहीं है। शनिवार को कार्यालय पहुंच कर मामले की छानबीन की जाएगी।

Related posts