आधा दर्जन पंचायतों में खाद का संकट

तेलका (चंबा)। विकास खंड सलूणी की आधा दर्जन पंचायतों में यूरिया खाद न मिलने से किसानों में रोष है। जानकारी के अनुसार ब्लाक की सेरी, मोहड़ा, सालवां, वाड़का, बझोतरा और नडल पंचायतों किसानों को खाद नहीं मिल रही है। इस कारण किसानों को मक्की की पैदावार प्रभावित होने की चिंता सताने लगी है। इस इलाके में पूरे साल भर में एक मात्र मक्की की फसल होती है। किसान प्रकाश कपूर, नरेंद्र कुमार, मदन लाल, चैन लाल, वशीर मुहम्मद, सलीम मुहम्मद, पवन कुमार, राकेश कुमार, हनीफ मुहम्मद, इरफान, नीलक कुमार, मनोज कुमार, जर्म सिंह, नंद राम, नालको राम और देस राज का कहना है कि कृषि विभाग के तेलका स्थित खाद के डिपो में किसानों को मक्की की फसल के लिए यूरिया खाद नहीं मिल रही है। डिपो में पहुंचने पर कहा जाता है कि खाद की इस साल की सप्लाई अभी तक नही पहुंची है। इससे किसानों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि किसान खाद लेने के लिए भंडार स्थित डिपो में भी गए थे, लेकिन वहां भी उन्हें खाद नहीं दी गई। उन्होंने कृषि विभाग से गुहार लगाई है कि उन्हें जल्द से जल्द यूरिया खाद उपलब्ध करवाई जाए। खाद न मिलने से मक्की की फसल बर्बाद हो जाएगी।

Related posts