
कंडवाल (कांगड़ा)। नूरपुर के पास गनोह इलाके में सोमवार रात्रि तेल और घी से भरी पिकअप जीप को छीनकर फरार लुटेरों ने सामान चक्की पुल के पास फेंक दिया। अब तमाम सामग्री पंजाब पुलिस के कब्जे में है। पंजाब पुलिस ने कांगड़ा पुलिस को भी इसकी सूचना दे दी है। लुटेरे जीप लूटने के बाद अपनी कार को घटनास्थल पर ही छोड़कर भाग गए थे। पिकअप जीप (एचपी 19 सी 7303) के चालक विशाल निवासी मोआ (ऊना) ने पुलिस को दिए बयान में कहा कि वह चिंतपूर्णी से डमटाल मंडी में सामान लेने आया था। उसने बताया कि पिकअप में सामान भरकर जब वह चिंतपूर्णी वापस जा रहा था तो सोमवार रात करीब पौने 9 बजे गनोह की चढ़ाई पर पीछे से आ रही कार में सवार 4-5 बदमाशों ने उसकी गाड़ी रोकी और उससे छीना-झपटी की। बदमाश उसकी तेल व घी से भरी गाड़ी छीनकर जसूर की तरफ फरार हो गए। इस छीना-झपटी के दौरान बदमाश अपनी कार (डीएल 5 सी 2620) वहीं छोड़ गए। एसएचओ तिलक राज ने बताया कि लुटेरे घी और तेल को चक्की पुल के पास फेंक गए हैं। पंजाब पुलिस ने सामान को कब्जे में ले लिया है।
