रावी नदी में जाने वाले सायरन से रहें अलर्ट

चंबा। रावी नदी के किनारे जाने वाले लोगों को जागरूक करने के लिए एनएचपीसी प्रबंधन ने विभिन्न स्थानों पर चेतावनी बोर्ड लगाए हैं। साथ ही जब भी चमेरा बांध से रावी नदी में पानी छोड़ा जाता है, तो बांध क्षेत्र में काफी जोर से सायरन बजाया जाता है। यह बात एनएचपीसी चमेरा-दो के महाप्रबंधक जनार्दन चौधरी ने कही। उन्होंने बताया कि जब भी बांध से पानी छोड़ा जाता है तो 15 मिनट पूर्व सायरन बजाया जाता है और सायरन की आवाज पांच मील दूर तक स्पष्ट सुनी जा सकती है।
उन्होंने कहा कि बीते दिनों रावी नदी पार करते समय एक व्यक्ति नदी में फंसा था। उस दौरान एनएचपीसी प्रबंधन को इसकी सूचना मिली तो चमेरा प्रबंधन ने डैम से पानी बंद कर दिया था और सीआईएफ के जवानों को भेजकर रावी में फंसे व्यक्ति को बाहर निकाला था और व्यक्ति को एंबुलेंस में डालकर जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। चमेरा-दो के महाप्रबंधक जनार्दन चौधरी ने कहा कि परियोजना प्रबंधन लोगों की सुरक्षा के लिए तत्पर है। लोगों को रावी नदी के किनारे न जाने की चेतावनी के बोर्ड मुख्य मार्ग एवं रावी नदी के किनारे लगाए गए हैं। उन्होंने लोगों से आग्रह किया है कि जब भी सायरन की आवाज सुनाई देती है तो वे रावी नदी के समीप न जाएं।

Related posts