
केलांग। जनजातीय जिला लाहौल-स्पीति में विकास कार्यों को अब और गति मिलने की उम्मीद है। केंद्र सरकार ने विभिन्न विकासात्मक कार्यों के लिए करीब 6 करोड़ रुपये जारी किए हैं। यह धनराशि करीब दो सालों से अटकी पड़ी थी। हालांकि इस योजना के तहत अभी कुल बजट का 25 फीसदी हिस्सा राज्य सरकार ने देना है। मरूभूमि विकास परियोजना में 9वें बैच के तहत करीब ढाई करोड़ रुपये भी केंद्र सरकार जल्द जारी करने जा रही है। यह जानकारी विधायक रवि ठाकुर ने दी।
उन्होंने कहा कि यह राशि केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्रालय के भूमि सुधार विभाग ने जारी की है। परियोजना के तहत घाटी में भूमि सुधार के लिए सिंचाई परियोजनाओं, जल भंडारण टैंक, तलाई, क्रेटवाल, पौधारोपण और पाइप लाइन बिछाने का काम किया जाएगा। रवि ठाकुर ने बताया कि केंद्र से जारी इस बजट को जल्द ही जिला के वाटर शेड कमेटियों को आवंटित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि राज्य और केंद्र की सरकारें लाहौल-स्पीति के सर्वांगीण विकास के लिए प्रयासरत है। जिले में बिना किसी भेदभाव के विकास कार्य करवाए जा रहे हैं। ग्रामीण विकास अभिकरण परियोजना अधिकारी डा. हीरानंद ने मरूभूमि विकास और हरियाली परियोजनाओं के लिए केंद्र से 6 करोड़ रुपये जारी होने की पुष्टि की है।
उन्होंने कहा कि विधायक रवि ठाकुर के प्रयासों से यह संभव हो पाया है। यह बजट पिछले दो सालों से लटका पड़ा था। डीडीपी 8वीं बैच को 2 करोड़ 81 लाख, हरियाली-2 को 1 करोड़ 38 लाख और हरियाली-3 के लिए 1.70 करोड़ रुपये विकास कार्यों को जारी हुए हैं। इस बजट का 25 फीसदी राशि अभी राज्य सरकार की और जारी किए जाएंगे।
