लटक गया नप बिलासपुर का बजट

बिलासपुर। नगर परिषद बिलासपुर की सालाना बजट पर चरचा के लिए बुधवार को रखी गई अहम बैठक कोरम पूरा नहीं होने के कारण स्थगित कर दी गई है। ऐसे में शहर में विकास की गति को धक्का लगा है। जानकारी के अनुसार नप अध्यक्ष से नाराज चल रहे कांग्रेस समर्थित उपाध्यक्ष और सात पार्षदों ने बैठक का बहिष्कार कर दिया। ऐसे में कोरम पूरा नहीं होने की वजह से बैठक को स्थगित करना पड़ा। अभी तक बैठक की आगामी तिथि तय नहीं की गई है।
बुधवार को रखी गई नगर परिषद की बैठक काफी अहम थी। बैठक में सालाना बजट के साथ ही शहर के अन्य विकास कार्यों, कचरे के निष्पादन के लिए नई गाड़ी की खरीद, बिजली बिल की अदायगी जैसे कई अहम मसलों पर चरचा होनी थी। कांग्रेस समर्थित उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप और पार्षदों ने उनके क्षेत्र में विकास कार्य नहीं करवाने का आरोप लगाते हुए बैठक का बहिष्कार कर दिया। सुबह 11 बजे नगर परिषद की बैठक का आयोजन होना था, लेकिन जब 12 बजे तक भी कांग्रेस समर्थित पार्षद और उपाध्यक्ष नहीं आए तो बैठक को स्थगित कर दिया गया।
पत्र लिखकर दी थी नहीं आने की जानकारी
कांग्रेसी पार्षदों ने पहले ही कार्यकारी अधिकारी को पत्र भेजकर बैठक में नहीं आने की जानकारी दी थी। कांग्रेसी पार्षदों का आरोप है कि शहर में विकास के नाम पर कुछ नहीं हो रहा। शहर के शौचालयों की हालत खस्ता बनी हुई है। कांग्रेस समर्थित पार्षदों की सुनवाई तक नहीं हो रही। लिहाजा, उन्हें बैठक का बहिष्कार करने जैसा कदम उठाना पड़ा है। बैठक में नगर परिषद के उपाध्यक्ष कमलेंद्र कश्यप, सोमा देवी, सोनिका शर्मा, वीरदीन, अदित्या मोहन, सोनिया, निर्माला राणा, शशि बाला शामिल नहीं हुए, जबकि भाजपा समर्थित अध्यक्ष रजनी शर्मा, ज्योति, कौशल्या, कमल गौतम और निर्दलीय पार्षद रच्छपाल सिंह बैठक में शामिल हुए।
कोट्स
नगर परिषद के कार्यकारी अधिकारी प्रकाश चंद शर्मा ने बताया कि कोरम पूरा नहीं होने के कारण बैठक में बजट और अन्य विकासात्मक मसलों पर चरचा नहीं हो सकी। जल्द ही बैठक की अगली तिथि घोषित की जाएगी।

Related posts