शिमला
स्वास्थ्य विभाग को अब एक दिन में एक लाख से ज्यादा लोगों को वैक्सीन की दूसरी डोज लगानी होगी। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश में 18 साल से ज्यादा उम्र के लोगों की संख्या 53.77 लाख है। प्रदेश में अब तक 45.52 लाख लोगों को दूसरी डोज लगी है। लोग वैक्सीन की दूसरी डोज लगवाने के लिए आगे नहीं आ रहे हैं। ऐसे में विभाग को 30 नवंबर तक लक्ष्य पूरा करना चुनौती से कम नहीं है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हिमाचल सरकार को कहा था कि जिस तरह से प्रदेश कोरोना वैक्सीन की पहली डोज में देशभर में अव्वल आया है, उसी तरह दूसरी डोज में भी पहला स्थान हासिल करे। इसके चलते स्वास्थ्य सचिव जिलों के स्वास्थ्य अधिकारियों से प्रतिदिन वैक्सीन का फीडबैक ले रहे हैं। हिमाचल की 83 फीसदी आबादी को कोविड की दूसरी वैक्सीन लग गई है।
लक्ष्य पूरा करने के लिए जहां स्वास्थ्य कर्मचारी लोगों के घर-घर जाकर वैक्सीन लगा रहे हैं, वहीं अब एचआरटीसी बसें रोककर भी लोगों को दूसरी डोज लगाई जा रही है। सरकारी और गैर सरकारी कार्यालयों से भी कोरोना वैक्सीन को लेकर कर्मचारियों का डाटा एकत्र किया जा रहा है। उल्लेखनीय है कि हेल्थ केयर वर्करों और फ्रंट लाइन वर्करों को पहली डोज 336178 और दूसरी डोज 320756 को लग चुकी है।
किस जिले में कितने लोगों को लगाई वैक्सीन
जिला पहली डोज दूसरी डोज
बिलासपुर 305542 270585
चंबा 350214 274343
हमीरपुर 360871 303403
कांगड़ा 1141065 882746
किन्नौर 72315 57723
कुल्लू 339187 221115
स्पीति 29244 19132
मंडी 741071 592411
शिमला 636098 497570
सिरमौर 406470 312161
सोलन 636578 424799
ऊना 421224 355542