लकड़ी तस्करी का एक और मामला पकड़ा

ऊना। जिला पुलिस की विशेष अन्वेषण इकाई के सदस्यों ने रामपुर में लकड़ी तस्करी की घटना को नाकाम कर दिया है। न केवल लकड़ी सहित गाड़ी को जब्त कर लिया है, बल्कि दो लोगों को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में एफआईआर दर्ज कर मामले की छानबीन आरंभ कर दी है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के मुताबिक स्पेशल इंवेस्टिगेशन यूनिट के मुख्य आरक्षी जसवंत सिंह ने टीम सहित जिला मुख्यालय से सटे रामपुर में नाकेबंदी कर रखी थी। इसी दौरान महेंद्रा पिकअप नंबर एचपी 72 3589 इसी मार्ग पर आई। जिसे पुलिस टीम ने रोक कर छानबीन की तो उसमें जापानी शहतूत की लकड़ी बरामद की है। इस संदर्भ में वन अधिनियम की धारा 41, 42 एवं आईपीसी की धारा 379 के तहत ट्राला चालक जतिंद्र कुमार पुत्र तरसेम लाल निवासी मोहल्ला बैहली ऊना एवं संसार चंद पुत्र दिलावर सिंह निवासी डंगोली के खिलाफ मामला पंजीकृत किया गया है। एसपी रविंद्र शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए कहा कि पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Related posts