रिकांगपिओं में खाद्य आपूर्ति विभाग की छापेमारी

सांगला (किन्नौर)(विशेश्वर नेगी)रिकांगपिओ बाजार में मंगलवार को जिला खाद्य आपूर्ति विभाग द्वारा छापेमारी की गई। इस दौरान नियमों को ताक पर रख कर कारोबार कर रहे व्यापारियों पर कार्रवाई की गई। इस दौरान 22 क्विंटल 10 किलो सब्जियाें को कब्जे में लिया गया। वहीं 20 किलो मीट को भी विभाग ने अपने कब्जे में लिया है क्योंकि उक्त व्यापारियों के पास न ही रेट लिस्ट थी और न ही पक्के बिल थे।
जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक एलएस कनेट की अगुवाई में उड़नदस्ते ने जिला मुख्यालय रिकांगपिओ बाजार की आठ सब्जी और दो मीट की दुकानों में छापा मार कर बिना बिल व दुकानों में रेट लिस्ट न होने पर लगभग 61,685 रुपये की सब्जियां और मीट को कब्जे में लिया है। वहीं सभी व्यापारियों को कारण बताओं नोटिस जारी किए गए हैं। वहीं जिला खाद्य आपूर्ति नियंत्रक एलएस कनेट ने बताया कि बिना बिल के कारोबार करने वाले व्यापारियों पर विभाग की कड़ी नजर है। उन्होंने कहा कि कल्पा, पूह और निचार में विभाग का छापेमारी अभियान लगातार जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि सोमवार को कल्पा में भी छापेमारी के दौरान दो मीट की दुकानों में रेट लिस्ट न होने पर एक दुकान से 18 किलो चिकन और दूसरी दुकान से सात किलो मीट को कब्जे में लिया गया था। वहीं विभाग की इस कार्रवाई से जिला में सब्जी और मीट कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

Related posts