रावी किनारे अवैध खनन पर बिफरे राजपुरावासी

चंबा। रावी नदी के किनारे हो रहे अवैध खनन पर राजपुरा-शालीमार विकास कमेटी ने मोर्चा खोल दिया है। कमेटी के सदस्यों ने मंगलवार को खनन अधिकारी चंबा को एक शिकायत पत्र सौंपा और खनन माफिया पर जल्द नकेल कसने की मांग की। कमेटी के पदाधिकारियों अमर चंद, कर्म सिंह, योग राज, संत राम और रवीश ने बताया कि राजपुरा मुहाल में रावी नदी के किनारों को छलनी किया जा रहा है और उच्च न्यायालय के आदेशों की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। उन्होंने बताया कि राजपुरा के पास दिन रात खनन को अंजाम दिया जा रहा है। खनन कर रहे ट्रैक्टरों की रात दिन हो रही आवाजाही ने राजपुरा के लोगों को सुकून छिन गया है। खनन माफिया के खिलाफ जिला प्रशासन व खनन विभाग कोई कार्रवाई नहीं कर रहा है। खुले स्थान पर रेत, बजरी रख रहे ठेकेदारों के खिलाफ कोई कार्यवाही अमल नहीं लाई जा रही है। चेतावनी के बावजूद ठेकेदार खुले में रेत और बजरी फेंक रहे हैं। खनन माफिया के खिलाफ कार्यवाही न होने से ग्रामीणों में काफी रोष है। कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि पुलिस अधीक्षक की ओर से भी कोई कार्रवाई अमल में नहीं लाई जा रही है। ग्रामीणों ने अवैध खनन के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग उठाई है। उधर, खनन अधिकारी बिंदिया ने जल्द कार्रवाई करने का आश्वासन दिया है।

Related posts