रामपुर में वामपंथियों का प्रदर्शन

रामपुर बुशहर। वामपंथी संगठनों ने खनेरी अस्पताल में व्याप्त खामियों समेत अन्य कई मुद्दों को लेकर प्रदर्शन किया। संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रोष रैली निकाल कर जनहित के मुद्दों की तरफ ध्यान न देने के लिए सरकार के विरुद्ध जोरदार नारेबाजी की। वामपंथियों ने एसडीएम के माध्यम से सरकार को ज्ञापन भेजकर मांगों पर अमलीजामा पहनाने की मांग की है।
वामपंथी संगठनों के कार्यकर्ता सफेद ढांक के पास एकत्रित हुए। यहां से कार्यकर्ताओं की रैली पुराने बस अड्डे और फिर बाजार होते हुए एसडीएम कार्यालय पहुंची। एसडीएम कार्यालय परिसर में कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए किसान सभा शिमला अध्यक्ष बिहारी सेवगी ने कहा कि खनेरी अस्पताल में रेडियालाजिस्ट समेत कई विशेषज्ञ चिकित्सकों के पद खाली पड़े हैं। रेडियोलाजिस्ट न होने से मरीजों को अल्ट्रासाउंड टेस्ट निजी क्लीनिकों में करवाने पड़ते हैं। यहां एक टेस्ट के 600 रुपये वसूल किए जाते हैं। इससे लोग खुलकर लुट रहे हैं, लेकिन जनता के नुमाइंदे लोगों को राहत नहीं दिला पा रहे हैं। इस क्षेत्र में गैस आपूर्ति अनियमित है और वहीं लोगों को सस्ता राशन भी समय पर नहीं मिल रहा है। दुर्गम पंचायतों को जोड़ने वाली सड़कों की हालत बदतर बनी हुई है। इससे आने वाले सेब सीजन में लोगों को मुश्किलें पेश आएंगी। उन्होंने बिजली की दरें बढ़ाने का भी विरोध किया। वामपंथियों ने कहा कि अगर लोगों को तमाम परेशानियों से जल्द राहत नहीं मिली तो आने वाले समय में सरकार के खिलाफ प्रदर्शन और उग्र किया जाएगा। प्रदर्शन में किसान सभा से देवकी नंद, सीटू से धर्मपाल, एसएफआई से अविनाश चौहान, रुचिका वजीर, डीवाईएफआई से राजेंद्र समेत कुलदीप डोगरा, नीलदत्त, बलदेव साहू, बिहारी सेवगी, जगदीश कुमार, अशोक आदि उपस्थित थे।

ये हैं प्रमुख मांगें
-खनेरी अस्पताल में रेडियोलाजिस्ट समेत सभी रिक्त पद भरे जाएं।
-बीपीएल परिवारों को 70 पैसे प्रति यूनिट बिजली दी जाए।
-ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों की हालत सुधारी जाए।
-ग्रामीण क्षेत्रों में घरेलू गैस की आपूर्ति समय पर की जाए।
-दूध की कीमत बढ़ाकर 25 रुपये की जाए।
-किसानों द्वारा कब्जाई गई भूमि को नियमित किया जाए।
-सभी शिक्षण संस्थानों में रिक्त पड़े पदों को भरा जाए।
-कालेज जाने वाले बच्चों के लिए स्पेशल बसें चलाई जाएं।
-रामपुर कालेज में आर्ट्स ब्लाक का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए।
-रामपुर कालेज में कन्या छात्रावास का निर्माण कार्य जल्द शुरू हो।
-आनी कालेज में कामर्स और साइंस की क्लासें शुरू की जाएं।

Related posts