
कुल्लू। भारतीय जनता युवा मोरचा की जिला कुल्लू इकाई ने मंगलवार को जिला मुख्यालय में यूपीए सरकार के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। भाजयुमो जिला अध्यक्ष सुरेंद्र शौरी की अध्यक्षता में निकाली गई विरोध रैली में कुल्लू भाजपा के जिला प्रभारी एवं पूर्व मंत्री रविंद्र रवि ने विशेष रूप से शिरकत की। इसके अलावा पूर्व मंत्री खीमी राम शर्मा, उपाध्यक्ष राम सिंह तथा जिला अध्यक्ष गोविंद ठाकुर मौजूद रहे। इस दौरान महंगाई और भ्रष्टाचार को लेकर केंद्र सरकार पर निशाने साधे गए।
रामा सामुदायिक भवन से निकाली रैली नारे के साथ ढालपुर चौक पहुंची। यहां रविंद्र रवि ने ढालपुर में भाजयुमो और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि केंद्र की यूपीए सरकार सेे देश की जनता त्रस्त है। इसका खामियाजा उन्हें लोस चुनाव में भुगतना पड़ेगा। रवि ने कहा कि मंडी संसदीय उपचुनाव के लिए भाजपा पूरी तरह से तैयार है। भाजपा प्रत्याशी जय राम ठाकुर एक सशख्त और अनुभवी प्रत्याशी हैं। भाजपा मंडी उपचुनाव में जीत हासिल करेगी।
इस मौके पर भाजयुमो के वरिष्ठ उपाध्यक्ष नवल नेगी, उपाध्यक्ष केशव ठाकुर, मनु ठाकुर, रीमन ठाकुर, चंदन करीर, दुर्गा ठाकुर, देवेंद्र सिंह, बंजार भाजयुमो अध्यक्ष हरि राम चौधरी, मनाली के अध्यक्ष लक्ष्मीकांत तथा मेहर सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
