यहां भगवान का घर भी सुरक्षित नहीं

संतोषगढ़ (ऊना)। जिले में भगवान के मंदिर में सुरक्षित नहीं रहे हैं। ताजातरीन घटना में संतोषगढ़ स्थित ख्वाजा मंदिर में बीती रात चोरों ने सेंधमारी कर डाली। ख्वाजा मंदिर स्वां नदी के किनारे स्थित है।
इस मंदिर में बीती रात चोरों ने पहले दरवाजे का ताला तोड़ दिया। इसके बाद चोरों ने शीशे के दरवाजों को तोड़ा। मंदिर में रखे दान पात्र का ताला भी चोरों ने तोड़ डाला। उसमें पड़े हजारों रुपये की नकदी उड़ा कर चोर फरार हो गए। चोरों ने थाली में पड़े रुपये भी चुरा लिए। क्षेत्र में हो रही सिलसिलेवार चोरियों की वारदात से लोगों में दशहत का माहौल है। पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज करके छानबीन शुरू कर दी है। वारदात से देव समाज से जुडे़ लोग आहत हैं। मंदिर में चोरी की वारदात के बाद मौके पर पहुंचे कमेटी के उपप्रधान जोगराज तथा सचिव बलराम महेश ने वारदात के बारे में पुलिस को सूचित किया। संतोषगढ़ पुलिस चौकी के पुलिस कर्मियों ने मौके का मुआयना करके उपस्थित लोगों के बयान लिए। कमेटी के उपप्रधान जोगराज का कहना है कि दानपात्र में लगभग पंद्रह हजार रुपये तक कैश का अंदाजा लगाया जा रहा है, जिसे चोरी कर लिया गया है।
इस चोरी की वारदात पर संतोषगढ़ पुलिस चौकी के प्रभारी गौरव भारद्वाज ने बताया कि पुलिस द्वारा मामला दर्ज करके जांच शुरू कर दी गई है। यह पहली दफा नहीं, जब किसी अज्ञात चोरों ने किसी मंदिर में चोरी की घटना हुई हो। इससे पहले भी अज्ञात शातिरों चोरों ने टक्का रोड पर स्थित एक ही मंदिर में लगभग तीन बार चोरी की वारदातों को अंजाम दिया। इसमें चोर मंदिर की घंटियां, नकदी, अन्य वर्तन सहित लाखों रुपये का समान उड़ाया, वहीं हरोली के एक मंदिर में चोरों ने तकरीब एक लाख रुपये कीमत का मुकुट ही चुराकर फरार हो गए हैं।
ऊना के एसपी अनुपम शर्मा ने कहा कि इस तरह की वारदातों पर शिकंजा कसने के लिए आम भी पुलिस को सहयोग करें।

Related posts