मुख्यमंत्री इफ्तार पार्टी में हुए शामिल

शिमला: मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह ने रमजान के पवित्र महीने की सभी प्रदेशवासियों विशेषकर मुस्लिम भाइयों को बधाई दी। मुख्यमंत्री गत सायं रमजान के मौके पर इफ्तार पार्टी (रोजा खोलने) के अवसर पर शिमला के माल रोड स्थित खादी आश्रम के समीप बोल रहे थे। वीरभद्र सिंह ने कहा कि हिमाचल प्रदेश में सभी धर्मों के लोग आपसी प्रेम व भाइचारे से रहते हैं और एक दूसरे का सम्मान करते हैं।

उन्होंने कहा कि आज तक कई बार देश में विभिन्न समुदायों को बांटने की कोशिश की गई, लेकिन आपसी भाईचारे व प्यार को नहीं तोड़ सके। उन्होंने कहा कि प्रदेश में हिन्दूओं के बाद अल्पसंख्यकों में सबसे पहले मुस्लिम आते हैं फिर सिक्ख और इसाई तथा अन्य, जो सभी खूबसूरत फूलों की तरह प्रेम-प्यार से एक गुलदस्ते में रहते हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रमजान का महीना इबादत का महीना है और इस महीने में एक नेकी करने का फल सत्तर नेकी के बराबर होता है। उन्होंने कहा कि जिस तरह हिन्दुओं के लिए सावन का महीना पवित्र महीना है उसी तरह मुस्लिम समुदाय के लिए भी यह सबसे पाक एवं पवित्र महीना है जिसमें मुस्लिम भाइयों को रोजा रखना और नमाज पढऩा चाहिए, क्योंकि इससे इन्सान में नेकी और सद्भावना की भावना पैदा होती है और उसके गुनाह मुआफ हो जाते हैं।

उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश का प्रत्येक निवासी उन्हें अजीज है और सबका विकास सुनिश्चित बनाना और उन्हें आगे बढऩे के पर्याप्त अवसर पैदा करना उनकी प्राथमिकता है। प्रदेश वक्फ बोर्ड के पूर्व अध्यक्ष ख्वाजा खलिल उल्लाह ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि वीरभद्र सिंह गरीबों व दीन-दुखियों के मसीहा हैं और लोगों के लिए विकास पुरुष हैं, तभी प्रदेश की जनता ने उन्हें छठी बार मुख्यमंत्री के महत्वपूर्ण पद से नवाजा है।

उन्होंने कहा कि जिस प्यार और इतमिनान के साथ वे आम जन से मिलते हैं और उनकी समस्याओं का निदान करते हैं, इसकी मिसाल देश में और कहीं नहीं है। उन्होंने प्रदेश से हज यात्रा पर जाने वालों के लिए दिल्ली स्थित हिमाचल भवन या सदन में दो-तीन दिन ठहरने की व्यवस्था करने का आग्रह किया।

इस अवसर पर अल्पसंख्यक वित्त विकास निगम के निदेशक महबूब खान, सिकन्दर, मुश्ताक कुरैशी और मुराद खान ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मुख्य संसदीय सचिव नंद लाल, नगर निगम शिमला के उपमहापौर टिकेन्द्र सिंह पंवर, वन निगम के उपाध्यक्ष केवल सिंह पठानिया, शिमला के उपायुक्त दिनेश मल्होत्रा, पुलिस अधीक्षक अभिषेक दुल्लर, वरिष्ठ अधिकारी तथा अन्य गणमान्य व्यक्ति भी इस अवसर पर उपस्थित थे।

Related posts