मिशन के रूप में लें लोस चुनाव : डा. बिंदल

पांवटा साहिब (सिरमौर)। भाजपा प्रदेश महासचिव तथा विधायक नाहन विस क्षेत्र डा. राजीव बिंदल ने कहा कि पूरा देश बढ़ी उम्मीदों के साथ भाजपा की तरफ देख रहा है। कांग्रेस की केंद्र सरकार के कार्यकाल में भ्रष्टाचार, महंगाई तथा बेरोजगारी ही बढ़ी है। इसलिए हर कार्यकर्ता आगामी 2014 लोकसभा चुनाव को एक मिशन के रूप में ले। विधायक डा. राजीव बिंदल शुक्रवार को भाजपा जिलाध्यक्ष चुनाव के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। भाजपा प्रदेश महासचिव डा. बिंदल ने कहा कि संगठन के नेता तथा कार्यकर्ता कांग्रेस की नाकाम नीतियों को आम जनता तक पहुंचाएं। प्रदेश में पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल के नेतृत्व मेंभाजपा सरकार ने खूब विकास करवाया। केवल दो माह में ही प्रदेश की जनता परेशान है। दिनों दिन महंगाई, सिलेंडर सहित डीजल-पेट्रोल के दाम बढ़ रहे हैं। बढ़ते भ्रष्टाचार और बेरोजगारी आम आदमी का जीवन दूभर कर रही है। उन्होंने कहा कि जिला भाजपा अध्यक्ष पद योग्य तथा वरिष्ठ नेता के कुशल हाथों में दिया गया है, जिससे संगठन को जिला में और बेहतर परिणाम लोकसभा चुनाव में मिल सकेंगे।
लोस चुनाव में बजेगा भाजपा का डंका : बलदेव तोमर
पांवटा साहिब (सिरमौर)। शिलाई के विधायक बलदेव तोमर ने कहा कि जिले में भाजपा ने तीन सीटों पर कब्जा जमा लिया है। दो सीटों पर भी बेहद कम मार्जन से हार मिली है। विस चुनाव में जिले में कांग्रेस को जनता ने करारा जवाब दिया है। इससे चुनाव के बाद से अब तक कांग्रेसी खेमे में हलचल है। शिलाई के विधायक पांवटा विश्राम गृह में भाजपा जिलाध्यक्ष चुनाव के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे। विधायक बलदेव तोमर ने कहा कि लोकसभा चुनाव परिणाम भी भाजपा के पक्ष में रहेंगे। देश में भाजपा की सरकार बनेगी। इसके लिए पार्टी का नेता तथा कार्यकर्ता हर बूथ पर डट कर कार्य करें। इस मौके पर शिलाई भाजपा मंडल अध्यक्ष माया राम चौहान, कुलदीप राणा, कुलजीत शर्मा, आशा तोमर समेत जिला तथा चारों भाजपा मंडल के नेता और कार्यकर्ता मौजूद थे।

Related posts