महिला कामगारों ने यूनियन के खिलाफ खोला मोर्चा

बद्दी (सोलन)। बद्दी के गुल्लरवाला स्थित एक मिक्सर बनाने वाली कंपनी में सैकड़ों महिला कामगारों ने अपनी ही कंपनी में स्थित यूनियन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महिलाओं का आरोप है कि यूनियन उनकी मांगाें की अनदेखी कर रही है और कंपनी प्रबंधन के साथ मिली है। जब उन्होंने दूसरी यूनियन का सहारा लिया तो पहली यूनियन ने नई कर्मचारी यूनियन के साथ मारपीट की। महिलाओं ने रोष स्वरूप शनिवार को हड़ताल कर पुलिस थाने के बाहर धरना दिया। इस दौरान उन्होंने यूनियन और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
महिला कामगार बलजीत कौर, गीता, कमला राणा, निशा, कमलेश, रेणु, अनिता, नैना, इशरावती, राज कुमारी, आभा देवी समेत 8 दर्जन महिलाओं ने बद्दी के पुलिस थाना के बाहर धरना दिया। कर्मचारी नेता बलजीत कौर ने बताया कि कंपनी में कार्यरत यूनियन उनकी मांगों को पूरा करने में असमर्थ है, लेकिन जब उन्होंने दूसरी कर्मचारी यूनियन से संपर्क किया तो कर्मचारी नेताओं के साथ मारपीट की। साथ ही उनके साथ अभद्र व्यवहार किया। जिससे महिला कामगार स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रही हैं।
उधर, एसपी बद्दी अरूल कुमार ने बताया कि मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस छानबीन कर रही है।

Related posts