महंगाई व भ्रष्टाचार के खिलाफ देंगे वोट

चंबा। जिला चंबा के नए मतदाता मतदान करने के लिए काफी उत्साहित हैं। युवा अपने मताधिकार से देश में एक मजबूत सरकार बनाना चाहते हैं। सात मई को पहली बार लोकसभा चुनाव में मतदान कर रहे विकास ने बताया कि वह मतदान करने के लिए काफी उत्साहित हैं। उन्होंने कहा कि वह ईमानदार व स्वच्छ छवि वाले नेता को वोट देकर मजबूत सरकार बनाने में अपनी भागीदारी सुनिश्चि करेंगे। सन्नी ने बताया कि वह पहली बार मतदान करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि वह ऐसे प्रत्याशी को मतदान करेंगे, जो देश के हित में काम करे व युवाओं के लिए रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाए। अंकू ने बताया कि उनका पहला वोट ऐसे व्यक्ति को होगा जो देश में सशक्त सरकार बनाने में कामयाब हो सकेगा। अजय कुमार ने बताया कि देश से बेरोजगारी, भ्रष्टाचार व गरीबी मिटाने वाले को ही वोट करेंगे। उन्होंने कहा कि जो प्रत्याशी इन मुद्दों पर चुनाव लड़ रहा है, वह उसी को वोट करेंगे। इन सभी नए मतदाताओं ने बताया कि देश में मजबूत सरकार बनाने के लिए मतदाताओं की भागीदारी होना अति आवश्यक है। उन्होंने जिलावासियों से आह्वान किया है कि वह अधिक से अधिक संख्या में अपने-अपने मतदान केंद्र पर पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग करें। हितेंद्र का कहना है कि जिस पार्टी ने युवाओं के भविष्य के लिए योजना बनाई है, उसके प्रत्याशी को ही वह मत डालेंगे। वहीं विकास का कहना है कि वह भी बाकी युवाओं की तरह ही देश में मजबूत सरकार बनते देखना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि देश में ऐसी सरकार बननी चाहिए, जो भ्रष्टाचार पर काबू करे, महंगाई कम करे और युवाओं को ज्यादा से ज्यादा रोजगार के अवसर प्रदान करे।

Related posts