डाक्टर छुट्टी पर, इलाज को भटकते रहे

चंबा। डाक्टरों की कमी से जूझ रहे जिला अस्पताल में एक साथ पांच डाक्टर छुट्टी पर चले गए हैं। इसके कारण मंगलवार को जिला अस्पताल की ओपीडी में अफरा-तफरी मच गई। एक साथ पांच चिकित्सकों के छुट्टी पर जाने से जहां आम आदमी परेशान हुए, वहीं स्वास्थ्य सेवाएं चरमरा गईं। इससे ने केवल मरीज व उनके तीमारदार परेशान हुए, बल्कि ड्यूटी दे रहे डाक्टरों पर बाकी ओपीडी का बोझ पर आ गया। इसके चलते वे सभी मरीजों को पर्याप्त समय भी नहीं दे पाए। खासकर जिला अस्पताल की फीमेल व चाइल्ड ओपीडी में डाक्टर न होने के कारण मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। फीमेल ओपीडी में तैनात एक डाक्टर को दूसरी मंजिल में राउंड करने के लिए जाना पड़ा, जिससे यह ओपीडी ठप हो गई। इस ओपीडी के मरीजों को दूसरे डाक्टर के पास भेज कर उनका रोष शांत किया। इस कारण मरीज जहां काफी देर तक इंतजार करते रहे, वहीं ज्यादा भीड़ होने के कारण कुछ तो निराश होकर वापस लौट गए। यही हाल चाइल्ड ओपीडी में देखा गया। खासकर बीमार बच्चों को लेकर आए तीमारदारों को जब ओपीडी में डाक्टर नहीं मिला तो उनमें काफी रोष दिखा। इसके चलते उनको भी फीमेल ओपीडी में भेजा गया। ऐसे में यहां पर अधिक भीड़ इकट्ठी हो गई। बताया जा रहा है कि कुछ डाक्टर ने जरूरी कार्य तो कुछ ने मतदान के चलते छुट्टी ली है।
उधर, सीएमओ डा. अशोक गुप्ता ने बताया कि कुछ चिकित्सक जरूरी कार्य से छुट्टी पर गए हैं। इस कारण मरीजों को दूसरे डाक्टरों के पास भेज कर चेकअप करवाया गया है।

Related posts