महंगाई और भ्रष्टाचार से देश त्रस्त : रामस्वरूप

मंडी (ओमप्रकाश)भाजपा प्रत्याशी राम स्वरूप शर्मा ने कहा कि देश की दूसरी सबसे बड़ी मंडी लोस सीट पर एक साधारण कार्यकर्ता को टिकट देकर पार्टी ने कार्यकर्ताओं का मनोबल ऊंचा किया है। उन्होंने कहा कि वाराणसी की तरह मंडी संसदीय सीट पर भी लोगों की नजरें टिकी हैं। यहां मुकाबला राजघराने और साधारण कार्यकर्ता के बीच है। उनके सामने कांग्रेस प्रत्याशी के रूप में मुख्यमंत्री की पत्नी और वीरभद्र सिंह के मंडी से 40 साल के राजनैतिक कार्यकाल है। लेकिन पार्टी के सभी वरिष्ठ नेताओं का आशीर्वाद उनके साथ है। उनके सहयोग से यह चुनाव जीतूंगा। आज देश महंगाई, भ्रष्टाचार और आतंकवाद से त्रस्त है।
कांग्रेस की यूपीए सरकार ने हर विरोधी को कुचलने का प्रयास किया। वीरभद्र सिंह की हिमाचल सरकार अपने चुनावी वादे निभाने में असफल रही है। मात्र भाजपा सरकार की योजनाओं को अपने नाम करने की कोशिश की जा रही है। वीरभद्र सिंह का मंडी संसदीय क्षेत्र में 40 सालों से एक छत्र शासन रहा है। इसके बावजूद वे मंडी में कोई बड़ा उद्योग और कोई बड़ा संस्थान लाने में असफल रहे। मंडी संसदीय क्षेत्र की जनता उनसे सवाल पूछेगी कि आईआईटी और ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज भाजपा के ही शासन में क्यों आए ? इस अवसर पर पूर्व भाजपा अध्यक्ष जयराम ठाकुर, प्रदेश भाजपा प्रवक्ता अजय राणा, कारगिल वार हीरो ब्रिगेडियर खुशहाल प्रदेश सचिव पायल वैद्य, दीपक गुलेरिया और पंकज कपूर मौजूद रहे।

Related posts