
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिला किन्नौर में 27 जून को होने वाले मतदान के लिए हेलीकॉप्टर की मदद से हर पोलिंग बूथों के लिए कर्मचारियों को जरूरी सामान के साथ भेज दिया गया है। यह जानकारी उपायुक्त किन्नौर कैप्टन जेएम पठानिया ने दी। उन्होंने बताया कि मूरंग तहसील के अलावा स्पीलो, कानम, लाबरंग, लिप्पा, आसरंग तथा जंगी मतदान केन्द्रों पर मतदान कार्य के लिए नियुक्त कर्मचारियों को 24 जून को सुबह जंगी हेलीपैड के समीप एसएसबी प्रशिक्षण केंद्र के साथ स्थापित स्ट्रांग रूम के पास उपस्थित होने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि इन क्षेत्रों के मतदान केंद्रों की ओर मतदान कर्मचारियों को 25 जून को जंगी से रवाना किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अन्य सभी मतदान केंद्रों पर लगाए गए कर्मचारी संबंधित तहसीलदारों अथवा नायब तहसीलदारों के कार्यालयों में 24 जून को सुबह अपनी उपस्थिति दर्ज करेंगे, जहां से उन्हें मतदान सामग्री के साथ संबंधित मतदान केन्द्रों की ओर रवाना किया जाएगा।
