
रिकांगपिओ (किन्नौर)। जिले में आसमान से बरसी आफत के कारण बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई लगभग तीस सड़कें अभी भी बंद पड़ी हैं। लोक निर्माण विभाग ने मुस्तैदी दिखाते हुए करीब पंद्रह सड़कों को बहाल कर दिया है। लोक निर्माण विभाग रामपुर सर्कल के अधीक्षण अभियंता अशोक चौहान ने बताया कि अवरुद्ध सड़कों को बहाल करने के लिए चालीस मशीनों सहित साढ़े सात सौ श्रमिक लगाए गए हैं। काम युद्ध स्तर पर चल रहा है और मौसम ने साथ दिया तो इन सड़कों को भी यातायात के लिए जल्द बहाल कर दिया जाएगा। किन्नौर जिले में 48 घंटों से अधिक समय तक हुई जोरदार बारिश से जगह-जगह ल्हासे गिरने से एनएच समेत कल्पा, पूह और निचार ब्लॉक की सभी सड़कें बंद हो गई थीं। तीन-चार दिन से लगातार मौसम साफ रहने पर लोक निर्माण विभाग ने करीब पंद्रह सड़कों को बहाल करने का दावा किया है। इनमें रिकांगपिओ-कल्पा, शिल्ती, पोवारी, दुनी, सुमरा, बरी, किल्बा, कामरू, तरांडा, रूपी, छोटा कंबा, बड़ा कंबा, काफनू और पूह संपर्क सड़क शामिल हैं।
अशोक चौहान ने बताया कि जिले में करीब तीस संपर्क सड़कें अभी भी अवरुद्ध हैं। ये सड़कें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हुई हैं। बावजूद इसके विभाग सड़कों को जल्द खोलने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि इन सड़कों पर 40 मशीनें लगाई गई हैं और लगभग साढ़े सात सौ मजदूर काम कर रहे हैं। सबसे अधिक दिक्कत सांगला सड़क को बहाल करने में आ रही है। पहाड़ी से लगातार पत्थर खिसकने के कारण काम प्रभावित हो रहा है।
एनएच रिकांगपिओ तक बहाल
सांगला (किन्नौर)। बारिश के कारण अवरुद्ध हुए नेशनल हाईवे को रिकांगपिओ तक यातायात के लिए बहाल कर दिया गया है। एनएच कड़छम से रल्ली तक जगह-जगह बंद था। सीमा सड़क संगठन के ओसी एचआर वनराज ने हाईवे के बहाल होने की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पोवारी से एनएच को बहाल करने के लिए बीस मशीनों समेत लगभग चार सौ जवान तैनात किए गए हैं।
