
बंगाणा (ऊना)। क्षेत्र की धनेत पंचायत के गांव मटियाणा में मंगलवार देर रात दो पशुशालाएं आग की भेंट चढ़ गईं। आगजनी का पता तब चला, जब सुमन पत्नी राज कुमार रात करीब 11 बजे बाहर निकली। घटना में लगभग 50 हजार रुपये का नुकसान का अनुमान है। पुलिस ने घटना के संदर्भ में जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मंगलवार रात अचानक मटियाणा निवासी श्रीधर एवं राज कुमार की पशुशाला में आग लग गई। आग की लपटेें देख मौके पर ग्रामीण एकत्रित हो गए। ग्रामीणों ने अपने स्तर पर बाल्टियाें एवं मटकों से पानी फेंक कर काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। लेकिन तब तक पशुशालाएं राख के ढेर में तबदील हो चुकी थीं। मौके पर पहुंची पुलिस ने भी जायजा लिया। पटवारी सतीश कुमार ने बुधवार को मटियाणा गांव में पहुंचकर नुकसान की रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को भेज दी है। थाना प्रभारी रामदास कौशल ने बताया कि पुलिस थाने में शिकायत दर्ज कर ली गई है। लेकिन अभी तक आग लगने के कारणों का पता नहीं लग पाया है। चार महीने पहले एक-एक करके श्रीधर एवं राज कुमार की 7 दुधारू भैंसों की इसी पशुशाला में अचानक मौत हो गई थी और अब पशुशाला में आग लगने से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। उन्होंने प्रशासन से उचित सहायता देने की गुहार लगाई है।
