मकान टूटने से तीन घंटे तक मलबे में दबी रही युवती

चंबा (टिहरी)। ढुंगली बमणगांव में एक मकान ढहने से उसमें सो रही युवती मलबे में दब गई। स्थानीय लोगों ने तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद किसी तरह उसे बाहर निकाला। घायल युवती को 108 सेवा से बौराड़ी चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है।
शुक्रवार से हो रही बारिश के चलते शनिवार की सुबह करीब आठ बजे ढुंगली बमणगांव के जगदीश प्रसाद के मकान पर खेत का पुश्ता टूटने से उसका मलबा आ गिरा। जिस कारण घर में सोई उसकी पुत्री मंजू मलबे में दब गई। मकान गिरने की आवाज सुनकर मंजू की मां ने आसपास के ग्रामीणों को मदद के लिए बुलाया। ग्रामीणों ने तीन घंटे की मेहनत के बाद मंजू को घायल अवस्था में बाहर निकाला। उसे 108 एंबुलेंस से नरेंद्रनगर भेजा गया। लेकिन सड़क बंद होने के कारण गाड़ी नहीं जा सकी जिस पर उसे बौराड़ी में ही भर्ती कराया गया। एसडीएम नरेंद्रनगर एसएल सेमवाल भी मौके पर पहुंचे। उन्होंने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

बेहोश हो गई थी मां
मंजू की मां बिज्जू देवी अपनी बिटिया को मलबे में दबा देखकर जोर से चिल्लाई और बेहोश हो गई। उसकी आवाज पर ही ग्रामीण मौके पर पहुंच पाए। हादसे के कई घंटे बाद मंजू के मलबे से बाहर आने पर मां सदमे से बाहर आई।

विद्यालय में गिरा मलबा, दो छात्र बाल-बाल बचे
नैनबाग (टिहरी)। भूस्खलन से प्राथमिक विद्यालय थापला की सुरक्षा दीवार क्षतिग्रस्त हो गई। इससे भोजन माता समेत दो बच्चे बाल-बाल बचे। शनिवार सुबह 8 बजे के लगभग थापला विद्यालय के पीछे भरभराकर मलबा गिरा। इससे विद्यालय की सुरक्षा दीवार, शौचालय क्षतिग्रस्त हो गया। मलबा गिरते वक्त वहां एक भोजन माता, दो बच्चे खड़े थे। ये बाल-बाल बच गए। सूचना पर पटवारी हरीश बल्लभ नैथानी ने मौका मुआयना किया।

Related posts