ऐसी बैठकों से क्या फायदा’

चंबा (टिहरी)। क्षेत्र पंचायत की बैठक में मनरेगा, शिक्षा, बिजली, और राशन के मुद्दे छाए रहे। इस दौरान अधिकांश अधिकारी जनप्रतिनिधियों को संतोषजनक जवाब नहीं दे पाए। पांच घंटे चली बैठक में सदस्यों ने जमकर हंगामा किया।
ब्लाक प्रमुख स्वर्ण सिंह रावत की अध्यक्षता में हुई बैठक में सदस्यों ने कहा कि अधिकतर बैठक महज औपचारिकता साबित हो रही हैं। सदन में रखे गए अधिकांश प्रस्तावों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। जबकि उनका कार्यकाल पूरा होने को है। ब्लाक प्रमुख ने संबंधित अधिकारियों को शीघ्र कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
क्षेत्र पंचायत सदस्य सोबन सिंह रावत ने कहा कि दिखोलगांव में बिना रीडिंग के भारी-भरकम बिल भेजे जा रहे हैं। प्रधान भगवान सिंह कुंवर ने कहा कि डोभाल गांव में बिजली के तार बार-बार टूट जाते हैं। दरम्यान सिंह सजवाण ने चंबा और आसपास के क्षेत्र में सड़क के बंद पड़े नारदानों का मुद्दा उठाया। रमेश लेखवार ने कहा कि पुजाल्डी-कखवाड़ी मोटर मार्ग पर हेवल नदी पर पांच सालों बाद भी पुल नहीं बन पाया है। जिस कारण ग्रामीणों को कई किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी नापनी पड़ रही है। किशोर सिंह नेगी ने कई गांवों में मिट्टी का तेल और चावल न मिल पाने की समस्या रखी। इससे पूर्व आपदा में मारे गए लोगों की आत्मीय शांति के लिए दो मिनट का मौन रखा गया। बैठक में परियोजना निदेशक वीके मित्तल, तहसीलदार सतीश कुमार, बीडीओ सुधा कफौला, जगमोहन नेगी, नरेंद्र रमोला, रमा चमोली, रेखा पुंडीर, गिरवीर सिंह नेगी आदि उपस्थित थे।

Related posts