मंत्रियों की खरीदी भूमि का जवाब दें सीएम : रवि

देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मंत्री और देहरा के विधायक रविंद्र सिंह रवि ने कहा है कि 25 दिसंबर 2012 के बाद प्रदेश में किन स्थानों पर मंत्रियों, विधायकों, नेताओं और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमीन खरीदी है, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह इस पर जवाब दें। विधायक रवि ने मंगलवार को लोनिवि के रेस्ट हाउस देहरा में पत्रकार वार्ता मे कहा कि कुछ तथ्य सामने आए हैं कि कई जगहों पर वन भूमि का भी पंजीकरण कर दिया गया है। सीएम और उनके मंत्री तीन-तीन बार अपनी राष्ट्रीय नेता सोनिया गांधी, प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और वित्त मंत्री से आर्थिक पैकेज के लिए मिल चुके हैं, लेकिन केंद्र की कांग्रेस सरकार उनकी नहीं सुन रही है। यही नहीं किन्नौर आपदा पर आज दिन तक केंद्र सरकार की ओर से अतिरिक्त पैकेज नहीं मिल पाया है। जिससे पता चलता है कि प्रदेश सरकार की केंद्र में कोई सुनवाई नहीं है। प्रदेश का विकास पिछले एक साल में हाशिए पर पहुंच चुका है। कांग्रेस कार्यकाल में बदला-बदली के नाम पर भ्रष्टाचार चरम पर है। विधायक ने विजिलेंस के अधिकारियों को चेताया है कि वह राजनीतिक दबाव में भाजपा नेताओं को प्रताड़ित करना बंद करें। अन्यथा आने वाले समय में खुद की जांच के लिए भी तैयार रहें। गुजरात में देश के पहले गृहमंत्री सरदार पटेल की प्रतिमा बनाने के लिए हर गांव और पंचायत से मिट्टी और लोहे आदि के औजारों का इस्तेमाल किया जाए। इसके लिए प्रदेश में 15 दिसंबर से जिला मुख्यालयों में कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। इस मौके पर मंडलाध्यक्ष जगदीप डढवाल, देहरा जिला अध्यक्ष नरेश चौहान, महासचिव अरविंद धीमान, मीडिया प्रभारी सपन सूद आदि उपस्थित रहे।

Related posts