मंडी में 50 लाख में बिका डोम

अंतरराष्ट्रीय शिवरात्रि महोत्सव के लिए पड्डल मैदान में जगह आबंटन का काम शुरू हो गया है। पड्डल मैदान में इस बार भी सबसे पहली बोली डोम लगाने के लिए लगी है। डोम की नीलामी इस बार 50.11 लाख रुपए में हुई है। जबकि पिछले साल डोम 45 लाख रुपए में बिके थे। हालांकि इस बार प्रशासन ने डोम की नीलामी के दामों में पहले से ही दस प्रतिशत की वृद्धि कर दी थी। प्रशासन ने नीलामी के लिए न्यूनतम राशि 49.50 लाख रुपए निर्धारित की थी, वहीं शुक्रवार को डोम के लिए बोली 49.50 लाख रुपए से शुरू हुई और 50.11 लाख रुपए पर खत्म हो गई। बोली में छह फर्मों ने भाग लिया। इसमें एक्यूट मार्केटिंग की तरफ से सबसे अधिक बोली लगाई गई। कंपनी ने बोली लगाने के साथ ही 25 लाख रुपए की राशि प्रशासन के पास जमा भी करवा दी है। प्रशासन द्वारा अब सबसे अधिक बोली लगाने वाली उक्त कंपनी को पड्डल में 210 गुणा 130 फीट जगह उपलब्ध करवाई जाएगी। इसमें लगभग तीन डोम आसानी से लगाए जा सकते हैं। संबंधित फर्म अब वाटरप्रूफ डोम पड्डल में मेले के लिए स्थापित करेगी। इसके बाद फर्म आगे व्यापारियों को डोम में स्टाल बना कर बेचेगी देगी। उधर, डोम के दामों में इस बार और बढ़ोतरी होने से अब स्टाल भी अंदर महंगी दरों पर व्यापारियों को मिलेंगे और इससे डोम के अंदर बिकने वाला सामान भी महंगा मिलेगा। वहीं एडीएम विवेक चंदेल ने बताया कि पड्डल में प्लाट आबंटन का काम शुरू कर दिया गया है और इस कड़ी में सबसे पहले डोम के लिए बोली हो गई है। उन्होंने बताया कि डोम की सबसे अधिक बोली लगाने वाली फर्म ने आधे पैसे भी जमा करवा दिए हैं। संबंधित फर्म को पूरे दिशा निर्देश दे दिए गए हैं।

 

Related posts